पत्नी ने मायके से लौटने से किया इंकार, काले जादू से वापस लाने के लिए पति ने भतीजे की चढ़ाई बलि

राजस्थान के अलवर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी को मनाने के लिए एक व्यक्ति ने तांत्रिक की सलाह पर अपने ही भाई-भाभी के पांच वर्षीय बेटे की बलि दे दी. पुलिस ने आरोपी और तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है.

WEB
Kuldeep Sharma

राजस्थान के खैरथल जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र स्थित सराय गांव में पांच वर्षीय बच्चे की हत्या ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है. आरोपी बच्चे का सगा चाचा निकला, जिसने अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए तांत्रिक के कहने पर मासूम की बलि चढ़ा दी. पुलिस की जांच में मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं.

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मनोज की पत्नी उससे नाराज होकर मायके चली गई थी और लौटने से इनकार कर रही थी. इससे परेशान मनोज ने तांत्रिक सुनील कुमार से संपर्क किया. तांत्रिक ने दावा किया कि अगर वह किसी बच्चे की बलि दे और उसका खून व कलेजा लाए, तो पत्नी लौट आएगी. इस पर मनोज ने अपनी हवस के लिए अपने ही भतीजे को निशाना बना डाला. शनिवार को वह उसे टॉफी दिलाने के बहाने गांव के एक सुनसान खंडहर में ले गया और बेरहमी से हत्या कर शव को भूसे के मकान में दबा दिया.

हत्या को छुपाने की कोशिश

हत्या के बाद भी आरोपी मनोज पुलिस को गुमराह करता रहा. जब पुलिस गांव में बच्चे की तलाश कर रही थी, तब वह लगातार मौके पर मौजूद रहकर खुद को मासूम दिखाने की कोशिश करता रहा. लेकिन जब जांच गहराई में पहुंची और कुछ संदिग्ध बातें सामने आईं, तो पुलिस ने मनोज को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरी साजिश का खुलासा किया.

तांत्रिक भी गिरफ्तार

पुलिस ने हत्या में सहयोग देने वाले तांत्रिक सुनील को भी गिरफ्तार कर लिया है. तांत्रिक के कहने पर ही बच्चे के शरीर से खून निकालने के लिए सिरिंज का इस्तेमाल किया गया था, जो मौके से बरामद कर ली गई है. थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और केस में आगे की कार्रवाई जारी है.