सोते समय पेट्रोल डालकर पत्नी को जिंदा जलाया! जैसलमेर की वारदात से मचा हड़कंप

जैसलमेर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत के मामले ने सनसनी मचा दी है. पुलिस के अनुसार महिला करीब 90 फीसदी झुलसी हालत में मिली थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

X
Babli Rautela

जैसलमेर के कोतवाली थाना क्षेत्र की रानीसर कच्ची बस्ती में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत का मामला सामने आया है. करीब 90 फीसदी झुलसी महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. महिला के मायके पक्ष ने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर पेट्रोल डालकर उसे जलाने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

90 फीसदी झुलसी थी महिला

जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार देर रात की है. रानीसर कच्ची बस्ती में कमला नाम की महिला गंभीर रूप से जली हुई हालत में मिली थी. उसके शरीर का करीब 90 फीसदी हिस्सा झुलस गया था. घटना के बाद कमला को उसके पति प्रकाश ओड, देवर और सास ससुर अस्पताल लेकर पहुंचे. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जोधपुर रेफर कर दिया. कई घंटों तक इलाज चलने के बाद मंगलवार को महिला की मौत हो गई.

पति ने बताया था खुद आग लगाने की बात

घटना के बाद पुलिस को कमला के पति प्रकाश ने बताया कि उसकी पत्नी ने खुद ही आग लगा ली थी. हालांकि पुलिस को पति की यह कहानी संदिग्ध लगी. जांच के दौरान पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और वहां मौजूद परिस्थितियों की पड़ताल की. पुलिस के मुताबिक, जिस जगह घटना हुई वहां सिर्फ बिस्तर जला हुआ मिला. पति भी महिला के पास ही सो रहा था. पुलिस ने इसी बिंदु को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है. अधिकारियों के मुताबिक, अगर महिला ने खुद को आग लगाई होती तो पास में सो रहे पति के भी आग की चपेट में आने की आशंका थी.


घटना के समय कमला के दोनों बच्चे अपने दादा दादी के पास सो रहे थे. बच्चों की उम्र करीब चार साल और डेढ़ साल बताई गई है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला किस परिस्थिति में जली और घटना के समय वास्तव में वहां कौन कौन मौजूद था.

मायके पक्ष ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप

सोमवार को कमला के मायके वाले जैसलमेर पहुंचे. रामदेवरा निवासी उसके भाई भोमाराम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के अनुसार, कमला की शादी करीब नौ साल पहले प्रकाश से हुई थी. प्रकाश ट्रैक्टर और टैक्सी चलाता है. मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही कमला को दहेज के लिए परेशान किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी होती थी. परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रकाश ने ही कमला पर पेट्रोल डालकर आग लगाई और इस पूरी घटना में उसके सास ससुर और देवर की भी भूमिका हो सकती है.