menu-icon
India Daily

नीरजा शर्मा हत्याकांड में नया मोड़, चचेरे भाई से था आयुषी का अफेयर; मामा के दावे से मचा हड़कंप

जयपुर के नीरजा शर्मा हत्याकांड में नया मोड़ आया है. आरोपी आयुषी शर्मा के मामा ने चचेरे भाई बलराम पर प्रेम संबंध या ब्लैकमेल के आरोप लगाए हैं. वहीं आयुषी ने पुलिस के सामने अपनी मां के प्रति नाराजगी के कारण बताए हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
नीरजा शर्मा हत्याकांड में नया मोड़, चचेरे भाई से था आयुषी का अफेयर; मामा के दावे से मचा हड़कंप
Courtesy: @nabilajamal_ X Account

जयपुर: राजस्थान के जयपुर में नीरजा शर्मा हत्याकांड की जांच के दौरान लगातार नए दावे और आरोप सामने आ रहे हैं. सरकारी नौकरी और संपत्ति के लालच में मां की हत्या की कथित साजिश के इस मामले में अब आरोपी आयुषी शर्मा के मामा ने चचेरे भाई बलराम पर गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि पुलिस ने अभी इन दावों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है.

आयुषी के मामा राकेश शर्मा का दावा है कि बलराम ने आयुषी को प्रेम संबंध या कथित ब्लैकमेल के जरिए अपने प्रभाव में रखा था. उन्होंने पुलिस से मांग की है कि फरार बताए जा रहे बलराम को जल्द गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जाए ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके.

इससे पहले क्या लगाया था आरोप?

इससे पहले राकेश शर्मा ने यह भी आरोप लगाया था कि अप्रैल 2025 में आयुषी और बलराम ने मिलकर आयुषी के पिता विजय शर्मा की भी हत्या की थी. दूसरी ओर पुलिस हिरासत में आयुषी ने इस आरोप से इनकार किया है. फिलहाल इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है.

जांच के दौरान क्या आया सामने?

जांच के दौरान आयुषी ने पुलिस के सामने अपनी मां के प्रति नाराजगी की वजह भी बताई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार उसने कुछ वीडियो दिखाने का दावा किया है, जिनमें उसकी मां नीरजा शर्मा और पिता के बीच विवाद दिखाई देता है. आयुषी का कहना है कि वह अपने पिता के साथ हुए व्यवहार से नाराज थी और उसे लगता था कि पिता की संपत्ति और अनुकंपा नियुक्ति पर उसका अधिकार होना चाहिए. इन दावों की भी जांच की जा रही है.

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के अनुसार आयुषी ने यह भी स्वीकार किया है कि वह परिवार के कुछ अन्य सदस्यों के अधिक संपर्क में रहती थी और कई घरेलू विवादों के बीच माहौल लगातार तनावपूर्ण था. हालांकि जांच एजेंसियां इन बयानों का अन्य साक्ष्यों से मिलान कर रही हैं.

पुलिस जांच के अनुसार नीरजा शर्मा के पति विजय शर्मा के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति को लेकर परिवार में मतभेद शुरू हुए थे. आरोप है कि आयुषी इस फैसले से नाराज होकर अलग रहने लगी थी. जांच में यह भी सामने आया है कि नीरजा शर्मा पर पहले भी कथित हमला करने की कोशिश की गई थी, जिसमें वह बच गई थीं. पुलिस इन घटनाओं के बीच संबंध तलाश रही है.