अलवर: राजस्थान के अलवर में एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया. वैशाली नगर थाना क्षेत्र के खुदनपूरी इलाके में खेलते-खेलते दो मासूम सगी बहनें बंद कार में फंस गईं और दम घुटने से उनकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
मृत बच्चियों की पहचान 8 साल की टीना और 5 सल की लक्ष्मी के रूप में हुई है. दोनों बच्चियां अपने घर के पास खेल रही थीं. इसी दौरान वे पास के एक कार सर्विस सेंटर पर पहुंच गईं, जहां मरम्मत के लिए खड़ी एक लाल रंग की कार में खेलते-खेलते जाकर बैठ गईं. बताया जा रहा है कि कार में बैटरी नहीं थी और वह गैराज में ठीक होने के लिए आई हुई थी.
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई. फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दोनों बहनें खेलते हुए कार के अंदर जाती हैं, लेकिन कुछ देर बाद कार का दरवाजा लॉक हो जाता है और वे बाहर नहीं निकल पातीं. भीषण गर्मी और बंद कार में ऑक्सीजन की कमी के कारण दोनों बच्चियों की हालत बिगड़ गई.
कई घंटे तक बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की. आसपास के लोगों ने भी खोजबीन की. इसी दौरान सर्विस सेंटर पर खड़ी कार के अंदर दोनों बच्चियां बेसुध हालत में मिलीं. उन्हें तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृत बच्चियों के पिता रमेश ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से बेड़म इलाके का रहने वाला है और फिलहाल खुदनपूरी में किराए के मकान में रह रहा था. उन्होंने बताया कि चार साल पहले उनकी पत्नी का निधन हो चुका था और अब उनकी दोनों बेटियां ही उनका एकमात्र सहारा थीं. इस हादसे के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजीव गांधी सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरी घटना की पड़ताल की जा रही है.