राजस्थान के नागौर जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. तेज रफ्तार रोडवेज बस और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई. ये टक्कर इतनी भयानक थी कि घटनास्थल पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे. दुर्घटना की तस्वीरें इतनी भयावह थीं कि जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप उठी.
यह दर्दनाक हादसा नागौर जिले के कुचेरा थाना क्षेत्र में चकढाणी और पुनास गांव के बीच हुआ. पुलिस को सुबह सूचना मिली कि एक रोडवेज बस और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने तुरंत ही बचाव कार्य शुरू कर दिया. घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत कुचेरा और मेड़ता सिटी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय दोनों गाड़ियां तेज गति में थी. आमने-सामने इनकी टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. जबकि बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया. सड़क पर दूर-दूर तक वाहन के टूटे हिस्से बिखरे पड़े थे. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल की ओर भागे.
हादसे के बाद कार में कई लोग बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की मशक्कत के बाद निकाला गया. कई घायल गंभीर हालत में थे, जिन्हें तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया.
पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है. फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है.
स्थानीय प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके. वहीं, अस्पतालों में भर्ती घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.