menu-icon
India Daily

कौन थीं पंजाबी सिंगर इंदर कौर? सनकी शादीशुदा आशिक ने बंदूक की नोक पर किया था किडनैप, जानें कैसे दिया हत्या को अंजाम

इंदर कौर लुधियाना की रहने वाली थीं. वे पंजाबी गानों के अलावा मेकअप आर्टिस्ट के रूप में भी काम करती थीं. कुछ साल पहले उन्होंने सिंगिंग से ब्रेक लेकर ब्यूटीक और मेकअप स्टूडियो चलाना शुरू कर दिया था. परिवार के अनुसार वे एक खुशमिजाज और मेहनती लड़की थीं.

antima
Edited By: Antima Pal
कौन थीं पंजाबी सिंगर इंदर कौर? सनकी शादीशुदा आशिक ने बंदूक की नोक पर किया था किडनैप, जानें कैसे दिया हत्या को अंजाम
Courtesy: x

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में एक दर्दनाक घटना ने सबको सदमे में डाल दिया है. 29 साल की पंजाबी सिंगर इंदर कौर की निर्मम हत्या कर दी गई. 13 मई को गनपॉइंट पर किडनैप किए जाने के छह दिन बाद 19 मई को उनका शव लुधियाना की नीलो नहर से बरामद किया गया. इस मामले ने पूरे पंजाब में सनसनी फैला दी है.

कौन थीं पंजाबी सिंगर इंदर कौर? 

इंदर कौर लुधियाना की रहने वाली थीं. वे पंजाबी गानों के अलावा मेकअप आर्टिस्ट के रूप में भी काम करती थीं. कुछ साल पहले उन्होंने सिंगिंग से ब्रेक लेकर ब्यूटीक और मेकअप स्टूडियो चलाना शुरू कर दिया था. परिवार के अनुसार वे एक खुशमिजाज और मेहनती लड़की थीं.

क्या था पूरा मामला?

परिवार का आरोप है कि तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर इंदर की मुलाकात मोगा के सुखविंदर सिंह से हुई थी. सुखविंदर कनाडा में रहता था. दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी, लेकिन जब इंदर को पता चला कि सुखविंदर शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं, तो उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया और शादी से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद सुखविंदर उन्हें जबरन शादी के लिए परेशान करने लगा.

छह दिन बाद नहर से मिला शव

पुलिस के मुताबिक 13 मई की शाम इंदर घर से किराने का सामान खरीदने अपनी सफेद फोर्ड फिगो कार लेकर निकलीं. करीब 8:30 बजे जीटीबी नगर, मुंडियां कलां इलाके में सुखविंदर और उसके साथियों ने उनकी कार रोककर गनपॉइंट पर अगवा कर लिया. परिवार ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. छह दिन बाद 19 मई को नहर से उनका शव मिला.

प्रारंभिक जांच में पता चला कि इंदर को गोली मारकर हत्या की गई और शव व कार दोनों नहर में फेंक दिए गए थे. पुलिस ने मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह के पिता प्रीतम सिंह और एक साथी करमजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. लेकिन मुख्य आरोपी सुखविंदर नेपाल होते हुए कनाडा भाग निकला है. पुलिस उसे वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर रही है. इंदर कौर की मौत की खबर मिलते ही उनके घर में मातम छा गया है. परिवार और म्यूजिक इंडस्ट्री के लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं.