Punjabi Singer Inder Kaur: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. 29 साल की मशहूर पंजाबी गायिका यशिंदर कौर, जिन्हें इंदर कौर के नाम से जाना जाता था, की लाश लुधियाना के पास नीलो नहर से बरामद हुई है. 13 मई को कथित अगवा होने के छह दिन बाद मंगलवार सुबह उनका शव मिला. यह खबर पूरे पंजाबी संगीत जगत को स्तब्ध कर गई है.
परिवार के अनुसार इंदर कौर 13 मई की शाम घर से किराने का सामान खरीदने के लिए अपनी फोर्ड फिगो कार लेकर निकली थीं. लेकिन वह घर वापस नहीं लौटीं. उनके मोबाइल पर बार-बार कॉल करने पर भी जवाब नहीं मिला. परिवार ने काफी देर तक खुद तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
इंदर कौर के भाई जोतिंदर सिंह ने 15 मई को मोगा के रहने वाले सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी. पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है. मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नीलो नहर से उनका शव बरामद किया गया. परिवार ने शव की पहचान कर ली है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है. कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा.
इंदर कौर पंजाबी गीतों के जरिए युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थीं. उनकी आवाज और गानों में पंजाबी संस्कृति की झलक साफ दिखती थी. हाल के वर्षों में उन्होंने कई हिट गाने दिए थे, जिन्हें लोगों ने खूब पसंद किया. उनकी अचानक इस तरह की मौत ने पूरे म्यूजिक इंडस्ट्री को झकझोर दिया है.
कथित तौर पर 6 दिन पहले गायिका का बंदूक की नोक पर अपहरण किया गया था. मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह के विदेश भाग जाने की खबर है. पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा था और उसके बच्चे भी थे, फिर भी वह गायिका पर उससे शादी करने का दबाव बनाता रहा.