पंजाब में मानसून कमजोर, अगले तीन दिन नहीं होगी भारी बारिश; 9 सितंबर से ज्यादातर जिलों में मौसम रहेगा साफ

पंजाब में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है. अगले तीन दिनों में भारी बारिश के आसार नहीं हैं. 7 और 8 सितंबर को कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 9 सितंबर से ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है.

ANI
Shanu Sharma

पंजाब में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर कमजोर पड़ने लगी हैं. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए राज्य में भारी बारिश या किसी गंभीर मौसम को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है. हालांकि 7 और 8 सितंबर को कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 9 सितंबर से बारिश और सिमट जाएगी और ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है.

आज इन जिलों में हो सकती है बारिश

7 सितंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, रूपनगर, नवांशहर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. तरनतारन, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और मानसा में छिटपुट वर्षा का अनुमान है. वहीं फिरोजपुर, मोगा, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, फरीदकोट, बठिंडा और बरनाला में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है.


8 सितंबर को और कम होगी बारिश

8 सितंबर को बारिश का दायरा और सीमित हो जाएगा. पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में छिटपुट वर्षा के आसार हैं. मालवा और पश्चिमी पंजाब के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मोगा, बरनाला, संगरूर और मानसा में बारिश की संभावना काफी कम है.

ज्यादातर इलाकों में साफ रहेगा मौसम

9 सितंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में छिटपुट बारिश हो सकती है. इसके अलावा राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है. 10 सितंबर को भी केवल पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में हल्की बारिश के आसार हैं. अन्य जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है.

बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ राज्य में तापमान भी बढ़ रहा है. रविवार को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में शनिवार के मुकाबले 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज हुई, हालांकि तापमान सामान्य के आसपास बना रहा. बठिंडा और भाखड़ा बांध क्षेत्र में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. चंडीगढ़ में 35.4, पटियाला में 34.3, लुधियाना में 33.5, पठानकोट में 32.2 और अमृतसर में 31 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.