menu-icon
India Daily

मौसम ने बदली चाल, दिल्ली-UP समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

आज यानी 7 सितंबर को कई राज्यों में आंधी, बिजली गिरने और तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग की ओर से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बताया गया है. वहीं मछुआरों को भी समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
मौसम ने बदली चाल, दिल्ली-UP समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
Courtesy: ANI

देशभर में मानसून की गतिविधियों में बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने 7 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में उत्तर ओडिशा और झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल तक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है.

दिल्ली-UP और उत्तर भारत में आंधी-बारिश

दिल्ली में 7 सितंबर को मध्यम बारिश के साथ आंधी की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 7 सितंबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7-8 सितंबर को बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है. उत्तराखंड में 7 सितंबर और 10 से 12 सितंबर के बीच कई इलाकों में बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी है. हरियाणा-चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी 7 सितंबर को बारिश हो सकती है.

मध्य और पूर्वी भारत में भी बदलेगा मौसम

पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 सितंबर को, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 7-8 सितंबर और फिर 11-12 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है. विदर्भ में 10-12 सितंबर के दौरान बारिश का अनुमान है. छत्तीसगढ़ में 8 से 12 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. बिहार में 7 सितंबर को कई इलाकों में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी है. पश्चिम बंगाल में 7 से 10 सितंबर और झारखंड में 8 से 11 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है.

पूर्वोत्तर और पश्चिमी राज्यों में भी बारिश

अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 12 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में 9-10 सितंबर को बारिश की संभावना है. कोंकण और गोवा में 7 से 12 सितंबर तक व्यापक बारिश हो सकती है. गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है.