अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने गोल्डन टेंपल में माथा टेका, SGPC अध्यक्ष धामी से सिखों से जुड़े मुद्दों पर बात हुई

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अमृतसर के गोल्डन टेंपल में माथा टेका. SGPC नेताओं से सिखों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई.

X
Ashutosh Rai

अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर सोमवार को अमृतसर के गोल्डन टेंपल पहुंचे और माथा टेका. SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी और अकाल तख्त के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने उनका स्वागत किया. बातचीत में सिख समुदाय से जुड़े मुद्दों, समानता और अमेरिका में रह रहे सिखों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई.

15 साल बाद दूसरी बार पहुंचे दरबार साहिब

SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी के मुताबिक, सर्जियो गोर करीब 15 साल बाद दूसरी बार गोल्डन टेंपल पहुंचे. उन्होंने अपनी पिछली यात्रा की यादें भी साझा कीं. धामी ने बताया कि बैठक में सिख समुदाय से जुड़े कुछ मुद्दों पर बातचीत हुई लेकिन SGPC की ओर से कोई औपचारिक मांगपत्र नहीं दिया गया. अमेरिका में सिखों से जुड़ी एक आपत्तिजनक तस्वीर के मामले में पहले SGPC ने अमेरिकी अधिकारियों को ईमेल भेजा था और धामी के अनुसार उस सामग्री को हटाने की कार्रवाई हुई. अकाल तख्त के कार्यकारी जत्थेदार ने बातचीत में सिख गुरुओं के समानता के संदेश और अमेरिकी स्वतंत्रता घोषणा में बताए गए समानता के मूल्यों का भी उल्लेख किया.

अमेरिकी राजदूत के दौरे के दौरान लगे खालिस्तान समर्थक नारे

सर्जियो गोर के गोल्डन टेंपल दौरे के दौरान परिसर के बाहर राजनीतिक प्रदर्शन भी हुआ. शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के कार्यकारी अध्यक्ष ईमान सिंह मान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने खालिस्तान के समर्थन में नारे लगाए और झंडे लहराए. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शन थोड़ी देर चला और सुरक्षा कर्मियों ने भीड़ को वहां से हटाया.