जालंधर में रफ्तार का कहर, पेड़ और रेहड़ी से टकराई कार; 3 की मौत
जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर चोलंग टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार कार पेड़ और रेहड़ी से टकरा गई. हादसे में रेहड़ी संचालक समेत तीन लोगों की मौत और तीन युवक घायल हुए.
जालंधर: जालंधर में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर चोलंग टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार फ्रोंक्स कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ और वहां खड़ी रेहड़ी से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेहड़ी संचालक समेत कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. कार में मौजूद तीन अन्य युवक घायल हुए, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार दोपहर करीब 2:20 बजे हुआ. फ्रोंक्स कार जालंधर से पठानकोट की ओर जा रही थी. चोलंग टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया. इसके बाद कार सड़क किनारे पेड़ से टकराई और पास में खड़ी रेहड़ी भी इसकी चपेट में आ गई. बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटा थी.
तीन लोगों की मौके पर मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि रेहड़ी लगाने वाले सुखविंदर सिंह समेत तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी चक शकूर, इखलास कादिर और अनीक अमीन के रूप में हुई है. हादसे में कार सवार उमैर अहमद निवासी श्रीनगर, दानिश और सोहेल घायल हुए हैं. दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू कराया.
Also Read
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
राहगीर ने दोपहर करीब 2:20 बजे हादसे की सूचना पुलिस को दी. इसके बाद सड़क सुरक्षा फोर्स के ASI सतनाम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मियों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और एंबुलेंस की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल टांडा पहुंचाया. घायलों का इलाज जारी है. हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
घटनास्थल से सामान बरामद
पुलिस ने मृतकों और घायलों का सामान भी सुरक्षित तरीके से एकत्र किया. इसमें सात किट बैग, एक लैपटॉप, तीन पर्स, 4,400 रुपये नकद, कार्ड, एक हाथ की घड़ी, दो मोबाइल फोन और दो मोबाइल चार्जर शामिल हैं. बरामद सामान थाना भोगपुर के SI सुरिंदर सिंह को सौंप दिया गया. पुलिस ने मृतकों के परिवारों को हादसे की सूचना दे दी है.
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है. कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण क्यों खोया. हादसे की परिस्थितियों और वाहन की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा.