पंजाब के मजीठा क्षेत्र के एक गांव में पारिवारिक विवाद ने एक युवक की जान ले ली. मकान को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच आकाशदीप सिंह की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात को छिपाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया.
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के पिता मलकीत सिंह, सौतेली मां मंजीत कौर और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार के भीतर मकान को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.
मृतक की पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पति के साथ पिता, सौतेली मां और सौतेले भाइयों ने मारपीट की थी. उसने आरोप लगाया कि मौत के बाद सभी ने मिलकर शव को नहर में फेंक दिया ताकि किसी को हत्या की जानकारी न मिल सके. पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाया और कई महत्वपूर्ण सुराग जुटाए.
जांच के दौरान पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो घर की दीवारों पर खून के निशान मिलने के संकेत मिले. जांच में यह भी सामने आया कि इन निशानों को छिपाने के लिए जल्दबाजी में दीवारों पर पेंट कराया गया था. पुलिस ने मौके से फोरेंसिक टीम की मदद से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं. इन साक्ष्यों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, जिससे घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या की योजना कैसे बनाई गई और शव को नहर तक पहुंचाने में किन लोगों ने सहयोग किया. यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.