menu-icon
India Daily

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेज रफ्तार कार का कहर, स्कूल बस का इंतजार कर रहे पांच बच्चों को मारी टक्कर

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों पर चढ़ गई. हादसे में पांच बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेज रफ्तार कार का कहर, स्कूल बस का इंतजार कर रहे पांच बच्चों को मारी टक्कर
Courtesy: AI

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे पांच बच्चों को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में सभी बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चला रही महिला अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह वाहन चलाते समय मोबाइल फोन देख रही थी. इसी दौरान सोसायटी के मुख्य गेट से बाहर निकलते समय महिला से कथित तौर पर ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दब गया. इससे कार अचानक तेज रफ्तार से आगे बढ़ गई और नियंत्रण से बाहर हो गई.

अनियंत्रित कार से घायल हुए बच्चे

बताया जा रहा है कि अनियंत्रित कार सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी से टकराई. इस टक्कर के बाद कार की रफ्तार कुछ कम जरूर हुई, लेकिन वह पूरी तरह नहीं रुकी. इसके बाद कार सीधे वहां पहुंच गई, जहां कई बच्चे स्कूल बस का इंतजार कर रहे थे. कार की चपेट में आने से पांच बच्चे घायल हो गए. वहां मौजूद कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आने की जानकारी मिली है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद महिला कार लेकर मौके से चली गई. घटना के बाद सोसायटी के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और उन्होंने इस लापरवाही पर नाराजगी जताई. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद अभिभावकों और सोसायटी के निवासियों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है. उनका कहना है कि सुबह के समय स्कूल बस का इंतजार करने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए. लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. साथ ही स्कूल बस स्टाप के आसपास यातायात सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही किसी और परिवार के लिए दुखद हादसे का कारण न बने.