चंडीगढ़: पंजाब भाजपा में संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है. भाजपा पंजाब के प्रदेश प्रभारी, राज्यसभा सदस्य और राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सतीश पूनिया 31 अगस्त से 2 सितंबर तक पंजाब के तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह चंडीगढ़, जालंधर और अमृतसर में पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे.
भाजपा पंजाब के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन के अनुसार, दौरे के दौरान पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा की जाएगी. बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन की गतिविधियों का जायजा लिया जाएगा. इसके साथ ही जहां भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे.
सतीश पूनिया के दौरे की शुरुआत 31 अगस्त को चंडीगढ़ से होगी. वह सेक्टर 37-ए स्थित भाजपा पंजाब कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे. इसके बाद प्रदेश की सोशल मीडिया, आईटी और मीडिया टीमों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे.
दिन के अंत में प्रदेश कोर कमेटी के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक होगी. इस बैठक में पार्टी की मौजूदा स्थिति, संगठन की गतिविधियों और आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है.
एक सितंबर को सतीश पूनिया जालंधर पहुंचेंगे. यहां पीएम सेवा संकल्प अभियान को लेकर आयोजित कार्यशाला में हिस्सा लेंगे. इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और प्रदेश महासचिवों के साथ बैठक करेंगे.
इन बैठकों में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा की जाएगी. साथ ही आगामी गतिविधियों और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने की रणनीति पर भी मंथन होगा.
दौरे के अंतिम दिन 2 सितंबर को सतीश पूनिया जालंधर में अनौपचारिक बैठकों में शामिल होने के बाद अमृतसर रवाना होंगे. यहां वह भाजपा कार्यालय का दौरा करेंगे. इसके बाद दुर्गियाना मंदिर और श्री हरमंदिर साहिब में दर्शन करेंगे.
प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने कहा कि सतीश पूनिया का पंजाब दौरा प्रदेश नेतृत्व और संगठनात्मक टीमों के लिए महत्वपूर्ण है. उनके मार्गदर्शन से पार्टी को संगठन के हर स्तर पर मजबूती देने में मदद मिलेगी.
भाजपा फिलहाल पंजाब में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत करने पर जोर दे रही है. पार्टी का कहना है कि उसका लक्ष्य ऐसा अनुशासित और सक्रिय संगठन तैयार करना है, जो जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ जनता के बीच लगातार काम करे.