menu-icon
India Daily

लुधियाना में लुटेरे से भिड़े BJP नेता, हाथ से पिस्टल छीना; धक्का देकर ATM से बाहर निकाला

लुधियाना के साहनेवाल में ATM के अंदर BJP नेता से डेढ़ लाख रुपये लूटने की कोशिश हुई. नेता ने आरोपी का मुकाबला कर पिस्टल छीन ली और उसे बाहर धकेल दिया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
लुधियाना में लुटेरे से भिड़े BJP नेता, हाथ से पिस्टल छीना; धक्का देकर ATM से बाहर निकाला
Courtesy: X

लुधियाना के साहनेवाल में ATM के अंदर हुई लूट की कोशिश का CCTV वीडियो सामने आया है. BJP नेता महिंदर कुमार पैसे जमा करने पहुंचे थे, तभी एक युवक ने उनकी पीठ पर पिस्टल तान दी. महिंदर ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया. शोर सुनकर लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया.

ATM में पिस्टल तानी

25 अगस्त की शाम करीब 6:40 बजे महिंदर कुमार PNB ATM में डेढ़ लाख रुपये जमा करने पहुंचे थे. वह मशीन में 50 हजार रुपये डाल रहे थे, तभी एक युवक पीछे से आया और पिस्टल दिखाकर पैसे छीनने लगा. महिंदर ने उसका हाथ और हथियार पकड़ लिया. दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई और आरोपी का सिर ATM के शीशे से टकरा गया.

लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

शोर सुनकर आसपास के लोग ATM के पास पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया. पुलिस जांच में हथियार टॉय गन निकली. आरोपी की पहचान 31 वर्षीय हरमनजोत सिंह के रूप में हुई है, जो खन्ना की अफसर कॉलोनी का रहने वाला बताया गया है. घायल होने के बाद उसे लुधियाना सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया.

लूट की कोशिश का केस

साहनेवाल थाना पुलिस ने महिंदर की शिकायत पर लूट की कोशिश का मामला दर्ज किया है. पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. CCTV फुटेज में युवक पहले ATM के अंदर महिंदर पर नजर रखता दिखाई देता है. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम और आरोपी के मकसद की जांच कर रही है.