menu-icon
India Daily

पंजाब में आप सरकार के चार सालों में राजस्व में अभूतपूर्व वृद्धि, देश के टॉप 3 राज्यों में शामिल

आप सरकार ने जनवरी 2026 तक 37,975 करोड़ रुपये की आबकारी प्राप्ति की, जो अकाली-भाजपा (5 वर्षों में 20,545 करोड़) और कांग्रेस (5 वर्षों में 27,395 करोड़) की कुल प्राप्ति से अधिक है. वार्षिक औसत अब लगभग दोगुनी हो गई है.

hemraj
पंजाब में आप सरकार के चार सालों में राजस्व में अभूतपूर्व वृद्धि, देश के टॉप 3 राज्यों में शामिल
Courtesy: India daily

चंडीगढ़: पंजाब के वित्त, आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के नेतृत्व में राज्य राजस्व विकास के क्षेत्र में देश के शीर्ष तीन राज्यों में शामिल हो गया है. उन्होंने इसे पिछले चार वर्षों में प्राप्त वित्तीय उपलब्धियों को संरचनात्मक सुधार, अनुशासन और पारदर्शिता का परिणाम बताया.

चीमा ने कहा कि राज्य का अपना कर राजस्व 2021-22 में 37,327 करोड़ रुपये (जीएसडीपी का 6.39%) से बढ़कर 2024-25 में 57,919 करोड़ रुपये (जीएसडीपी का 7.15%) हो गया. आबकारी राजस्व में 86.77% की वृद्धि दर्ज हुई. आप सरकार ने जनवरी 2026 तक 37,975 करोड़ रुपये की आबकारी प्राप्ति की, जो अकाली-भाजपा (5 वर्षों में 20,545 करोड़) और कांग्रेस (5 वर्षों में 27,395 करोड़) की कुल प्राप्ति से अधिक है. वार्षिक औसत अब लगभग दोगुनी हो गई है.

जीएसटी और स्टांप ड्यूटी में भी रिकॉर्ड वृद्धि

जीएसटी प्राप्ति जनवरी 2026 तक 83,739 करोड़ रुपये पहुंची, जबकि कांग्रेस के पांच वर्षों में यह 61,286 करोड़ थी. स्टांप ड्यूटी में आप सरकार ने चार वर्षों में 19,515 करोड़ रुपये इकट्ठे किए, जो पिछली सरकारों के पांच वर्षों से 60% अधिक है.

कर्ज अनुपात में कमी

विरासत में मिले लगभग 3 लाख करोड़ रुपये के कर्ज के बावजूद कर्ज-जीएसडीपी अनुपात 48.25% से घटकर 44.47% हो गया. चीमा ने कहा कि नए कर्ज का 85% पुरानी देनदारियों और ब्याज चुकाने में जाता है, फिर भी विकास पर फोकस जारी है. पूंजीगत व्यय में भी वृद्धि हुई—आप सरकार 31,630 करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है.

केंद्रीय अनुदान में 62% गिरावट के बावजूद ये उपलब्धियां हासिल की गईं. सरकार ने सिंकिंग फंड और गारंटी रिडेम्पशन फंड में भारी निवेश किया, जो अब 11,720 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.चीमा ने डिजिटल सुधारों जैसे पेंशन सेवा पोर्टल और ई-डिपॉजिट मैनेजमेंट सिस्टम का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि ये सुधार राज्य की वित्तीय सेहत को मजबूत बनाएंगे.