menu-icon
India Daily

गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर हुआ विवाद, फिर मनजीत कौर की हत्या; आरोपी के कबूलनामे ने चौंकाया

चंडीगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर मनजीत कौर के अपहरण और हत्या के मामले में कपूरथला निवासी परमिंदर सिंह उर्फ पिंदा को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर विवाद सामने आया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर हुआ विवाद, फिर मनजीत कौर की हत्या; आरोपी के कबूलनामे ने चौंकाया
Courtesy: X

पंजाब की सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर मनजीत कौर की हत्या के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने कपूरथला के रहने वाले परमिंदर सिंह उर्फ पिंदा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मनजीत गर्भ में पल रहे बच्चे को उसका बताकर शादी के लिए दबाव बना रही थी. वहीं, आरोपी को उसके चरित्र पर संदेह था और वह बच्चे को अपना मानने से इनकार करता था. इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया.

बच्चे को लेकर बढ़ता गया विवाद

पुलिस के मुताबिक, मनजीत और परमिंदर के बीच गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर लगातार तनाव था. मनजीत कथित तौर पर बच्चे को परमिंदर का बताती थी और शादी करने के लिए दबाव डाल रही थी. दूसरी ओर, आरोपी उसके चरित्र पर शक करता था और बच्चे के पिता होने से इनकार करता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया.

कॉमन फ्रेंड के जरिए मिलने बुलाया

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, परमिंदर ने कॉमन फ्रेंड शुभी के माध्यम से मनजीत को फोन करवाकर सेक्टर-34 में मिलने के लिए बुलाया था. आरोप है कि वहां वह अपने एक साथी के साथ पहुंचा और मनजीत को जबरन अपने साथ ले गया. इसके बाद उसे खरड़ की तरफ ले जाया गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई.

पेड़ से बांधकर आग लगाने का आरोप

मनजीत की मां की शिकायत के मुताबिक, 3 और 4 जुलाई की रात उनकी बेटी को गाड़ी में अगवा कर मोरिंडा के जंगल क्षेत्र में ले जाया गया. आरोप है कि वहां उसे सतूत के पेड़ से बांधा गया और आग लगा दी गई. बाद में एक परिचित वहां पहुंचा और कंबल की मदद से आग बुझाई. गंभीर हालत में मनजीत को मोरिंडा अस्पताल ले जाया गया.

अस्पताल में हुई मौत, पुलिस पर भी सवाल

मोरिंडा अस्पताल से मनजीत को PGI रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतका की मां ने आरोप लगाया कि घटना के बाद खरड़ पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज नहीं किया. उनका यह भी कहना है कि मनजीत के होश में आने के बाद उसके बयान दर्ज नहीं किए गए. अब चंडीगढ़ पुलिस की गिरफ्त में आए परमिंदर से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है.