Punjab Weather: पंजाब में फिर बरसेंगे बादल, छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; मौसम विभाग ने जारी की ये चेतावनी

पंजाब में 5 सितंबर को छह जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट है. 6 सितंबर को केवल पठानकोट में भारी बारिश की चेतावनी रहेगी. चलिए जानते हैं मौसम विभाग की ओर से और क्या आया है अपडेट.

Pinterest
Km Jaya

चंडीगढ़: पंजाब में मानसून की सक्रियता के बीच शनिवार 5 सितंबर को कई जिलों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, मोहाली और रूपनगर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. 

हिमाचल प्रदेश से सटे उत्तरी जिलों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में बारिश का दायरा धीरे धीरे कम होगा और 7 तथा 8 सितंबर को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

आज कैसा रहेगा मौसम?

शनिवार को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, मोहाली और रूपनगर में भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में भी कई स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं. अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, बरनाला और बठिंडा में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. फाजिल्का, मुक्तसर और फरीदकोट में छिटपुट बारिश होने की संभावना है.


मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग के अनुसार 6 सितंबर को बारिश का असर सीमित होने लगेगा. इस दिन केवल पठानकोट के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. पठानकोट के साथ गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और पटियाला में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. मध्य और पश्चिमी पंजाब के कुछ जिलों में भी छिटपुट बारिश की संभावना बनी रहेगी.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

7 सितंबर को किसी भी जिले के लिए मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. दूसरी ओर फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, फरीदकोट, मोगा, फिरोजपुर, बरनाला और मानसा में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है.

8 सितंबर को भी पूरे पंजाब में किसी तरह की मौसम चेतावनी नहीं है. उत्तरी पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है, जबकि दक्षिण पश्चिमी पंजाब के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा. मध्य पंजाब में भी बारिश की संभावना काफी कम रहेगी.

कितना था तापमान?

इस बीच शुक्रवार को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. हालांकि तापमान सामान्य के आसपास बना रहा. बठिंडा हवाई अड्डे पर राज्य का सबसे अधिक तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

शुक्रवार को पटियाला में 24.6 मिलीमीटर, जालंधर में 15.5 मिलीमीटर, फतेहगढ़ साहिब में 12.5 मिलीमीटर और श्री आनंदपुर साहिब में 9 मिलीमीटर बारिश हुई. अमृतसर में 8 मिलीमीटर, होशियारपुर में 7 मिलीमीटर और संगरूर में 4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई.