पंजाब में मानसूनी गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय होने से पहले एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ता दिखाई दे रहा है.राज्य के कई हिस्सों में शनिवार को तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई.
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक आज कुछ जिलों में मौसम करवट ले सकता है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर पंजाब के मौसम पर भी पड़ रहा है. इसी वजह से राज्य में बीच-बीच में बादल, हल्की बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बनी हुई हैं. हालांकि 24 जून के बाद राहत मिलने की उम्मीद है. इस बीच, जून महीने में बारिश की कमी भी चिंता का विषय बनी हुई है. 1 जून से 20 जून के बीच पंजाब में सामान्य से लगभग 23 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है. जहां सामान्य तौर पर इस अवधि में 28.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, वहीं इस बार केवल 21.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है. वहीं, शिवालिक क्षेत्र और उत्तर-पूर्वी जिलों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है. रात के तापमान में भी बहुत अधिक बदलाव की उम्मीद नहीं है और अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
राज्य में पड़ रही तेज गर्मी का असर बिजली विभाग पर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 24 जून के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. यदि यह अनुमान सही साबित होता है तो पंजाब के लोगों को गर्मी से काफी राहत मिल सकती है.