विदेशी गैंगस्टर का पंजाब में नेटवर्क बेनकाब! फाइनेंसर की रेकी करता था जसकरण, ग्लॉक पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार
मोहाली एसएसओसी ने विदेश में बैठे गैंगस्टर जीशान अख्तर के कथित सहयोगी जसकरण सिद्धू को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से ग्लॉक पिस्टल, दो मैगजीन और पांच कारतूस बरामद किए हैं. आरोपी पर रेकी और रंगदारी नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है.
पंजाब पुलिस ने विदेश से संचालित बताए जा रहे गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. मोहाली एसएसओसी के मुताबिक, जसकरण सिद्धू जीशान अख्तर के निर्देश पर एक फाइनेंसर की निगरानी करता था. पुलिस को उसके पास से हथियार भी मिले हैं और अब नेटवर्क के दूसरे सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है.
वेरका चौक के पास पकड़ा गया आरोपी
मोहाली स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने जसकरण सिद्धू उर्फ जस्सी को दो सितंबर को वेरका चौक के नजदीक गिरफ्तार किया. वह नकोदर के गांव शंकर का रहने वाला है और पुलिस के अनुसार जीशान अख्तर का करीबी है. उसके कब्जे से ग्लॉक 9 एमएम पिस्टल, दो मैगजीन और पांच कारतूस बरामद हुए. आरोपी के खिलाफ एसएसओसी थाने में मामला दर्ज किया गया है और अदालत से पुलिस रिमांड भी हासिल किया गया है.
फाइनेंसर की निगरानी का मिला जिम्मा
जांच में पुलिस को पता चला कि मई 2026 में जीशान अख्तर ने जसकरण को पंजाब के एक फाइनेंसर की रेकी करने के लिए कहा था. आरोप है कि जसकरण ने सड़क किनारे मोबाइल एसेसरीज की दुकान लगाई और वहीं से फाइनेंसर की गतिविधियों पर नजर रखने लगा. वह लगातार उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाता था. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस निगरानी का उद्देश्य क्या था और आगे किस तरह की योजना बनाई जा रही थी.
Also Read
- नशे पर उपराष्ट्रपति की दो टूक! छात्रों को दी बड़ी नसीहत, पंजाब यूनिवर्सिटी में रिसर्च-सेफ्टी पर भी बड़ा ऐलान
- पंजाब में पकड़ा गया FBI का वांटेड ठग, SNAP योजना में किया 5 करोड़ से ज्यादा का फ्रॉड; कनाडा के रास्ते भागा था भारत
- CM के साइन बाकी... पंजाब में 85 हजार मुलाजिमों को 60 प्रतिशत DA मिलेगा, मंत्री अमन अरोड़ा ने किया दावा
स्पीकर में छिपे कैमरे से बनाता था वीडियो
पुलिस के अनुसार, जसकरण ने फाइनेंसर की गतिविधियों को रिकॉर्ड करने के लिए एक म्यूजिक स्पीकर में छिपे कैमरे का इस्तेमाल किया. निगरानी के दौरान बनाए गए वीडियो वह वाट्सऐप के जरिए जीशान अख्तर को भेजता था. पुलिस का दावा है कि इस काम के बदले जसकरण को करीब 80 हजार रुपये मिले. जांच में यह भी सामने आया है कि जीशान कथित तौर पर फाइनेंसर से रंगदारी की मांग कर रहा था.
जीशान के नेटवर्क की परतें खंगाल रही पुलिस
एसएसओसी अब जसकरण से जीशान अख्तर के संपर्क, फाइनेंसर को दी गई कथित धमकी, रंगदारी और हथियार उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसने नेटवर्क के लिए और कितने लोगों या स्थानों की रेकी की. जीशान अख्तर के शहजाद भट्टी से जुड़े होने की बात सामने आई है और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है. पुलिस के मुताबिक, जसकरण और जीशान एक ही गांव के हैं और स्कूल के समय से एक-दूसरे को जानते हैं.