पंजाब के खन्ना में हॉनर किलिंग का मामला सामने आया है. भाई ने अपनी बहन के प्रेमी की दोस्तों के साथ मिलकर हत्या कर दी और सड़क किनारे शव फेंककर सड़क हादसे का रंग देने का प्रयास किया. आरोपी ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए एक स्कूटी भी गिरा दी थी, लेकिन पुलिस ने जांच शुरू की तो सारा राज खुल गया.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मामला खन्ना के मलौद थानाक्षेत्र का है. 15 मई को पुलिस ने नानपुर जगेड़ा के पास बने नहर के पुल के नजदीक से एक शव बरामद किया था. शव के पास एक एक्टिवा मिलने से प्रथमदृष्टया पुलिस को भी लगा कि मामला सड़क दुर्घटना का है. मलौद थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी. मरने वाले की पहचान गांव घुंगराना निवासी 35 वर्षीय ओंकार सिंह के रूप में हुई थी.
शव शिनाख्त के बाद पुलिस ने जब मामले की इलेक्ट्रोनिक सर्विलांस के आधार पर जांच की तो चौंकाने वाला खुलास हुआ. ओंकार सिंह के गांव की एक युवती के साथ प्रेम संबंधों की जानकारी होने पर पुलिस के कान खड़े हो गए. और गहराई से पड़ताल की तो पता चला कि 14-15 की रात ओंकार सिंह युवती को अपने साथ लेकर जगेड़ा गांव की ओर जा रहा था. युवती के भाई को इस बात का पता चला तो वह अपने चार दोस्तों को लेकर निकल पड़ा.
पीछा करने के बाद नहर के पास ओंकार सिंह और युवती को घेर लिया गया. आरोपियों ने बड़ी बेरहमी से ओंकार सिंह की पिटाई की, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. आरोपी सड़क किनारे शव को फेंककर फरार हो गए, उसकी स्कूटी भी वहीं गिरा दी ताकि इस वारदात को सड़क हादसे का रूप दिया जा सके. डीसीपी हरमनप्रीत सिंह चीमा ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, उसके साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.