NEET छात्रों को पंजाब सरकार का बड़ा सहारा, री-एग्जाम देने वालों के लिए बस यात्रा होगी मुफ्त
पंजाब सरकार ने NEET UG री-एग्जाम देने वाले छात्रों के लिए 20 से 22 जून तक पंजाब रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की घोषणा की है. छात्रों को बस में केवल एडमिट कार्ड दिखाना होगा.
चंडीगढ़: पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने 21 जून को होने वाले NEET UG री-एग्जाम में बैठने वाले सभी छात्रों के लिए पंजाब रोडवेज की बसों में मुफ्त बस यात्रा की घोषणा की है.
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने छात्रों को एक संदेश में इस घोषणा की जानकारी दी और कहा, 'आपके सुझावों के आधार पर, पंजाब सरकार ने 20-22 जून के दौरान सभी NEET छात्रों के लिए बस सेवाओं को मुफ्त करने का फैसला किया है.'
सीएम भगवंत मान ने क्या कहा?
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने-अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पंजाब रोडवेज की बसों में यात्रा करने वाले सभी छात्रों का किराया माफ करने का फैसला किया है.
X पर पंजाबी में एक पोस्ट में मान ने कहा कि कई गरीब छात्र NEET परीक्षा देते हैं और उनमें से कुछ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए यात्रा खर्च उठाने में असमर्थ होते हैं.
पंजाब सरकार ने क्या लिया एक्शन?
मान ने कहा, 'जब अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में NEET छात्रों से बात की तो उन्होंने मदद का अनुरोध किया. इसलिए पंजाब सरकार ने 20, 21 और 22 जून को सभी पंजाब रोडवेज बसों में NEET परीक्षा देने वाले सभी छात्रों का किराया माफ करने का फैसला किया है. एडमिट कार्ड दिखाने पर टिकट का कोई पैसा नहीं लिया जाएगा.'
क्या है पूरा मामला?
3 मई को आयोजित नेशनल एलिजिबिलिटी-कम-एंट्रेंस टेस्ट को परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था. रद्द होने के बाद कई NEET उम्मीदवारों ने आर्थिक मुश्किलों और मानसिक तनाव को लेकर चिंताएं जताई थीं. मंगलवार को केजरीवाल ने कहा कि वह मान से अनुरोध करेंगे कि पंजाब में री-एग्जाम में बैठने वाले उम्मीदवारों के लिए बस यात्रा मुफ्त कर दी जाए.
X पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में केजरीवाल ने कहा कि NEET मुद्दे पर फीडबैक और सुझाव मांगने वाले उनके पिछले वीडियो को 50 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा था. उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होने और 21 जून के लिए दोबारा तय होने के बाद हजारों छात्रों ने चिंता, अवसाद और निराशा को लेकर अपनी बातें साझा कीं.
और पढ़ें
- जालंधर: बच्चे को बचाने के लिए मां बनी शेरनी, लुटेरों से अकेले भिड़ गई महिला; जानें पूरा मामला
- पंजाब में ऑनर किलिंग! बहन के प्रेमी की पीट-पीटकर हत्या, सड़क हादसा दिखाने की कोशिश; ऐसे खुला राज
- 9 घंटे मौत से जंग लड़ने के बाद...., वीडियो में देखें कैसे बोरवेल में गिरे 4 साल के बच्चे को रेस्क्यू टीम ने ऐसे बचाया