पठानकोट में शिवसेना नेता के भाई की लाश मिली, सिर-गले पर चोट के निशान; परिवार बोला- हत्या हुई
पठानकोट में शिवसेना हिंद कोर कमेटी के चेयरमैन रवि शर्मा के भाई जतिंदर शर्मा की घर में लाश मिली.
पठानकोट की लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी में 35 वर्षीय जतिंदर शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वह घर के बेडरूम में खून से लथपथ मिले थे. सिर और गले पर चोट के निशान बताए गए हैं. परिवार ने ड्राइवर पर शक जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
घर में अकेले थे जतिंदर शर्मा
रवि शर्मा के मुताबिक, शनिवार को वह किसी काम से गांव बुंगल गए थे. वहीं जतिंदर की पत्नी मायके गई हुई थीं. शाम करीब 3:55 बजे परिवार को जतिंदर के बेडरूम में घायल हालत में पड़े होने की जानकारी मिली. उन्हें तुरंत सरना के निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से करीब एक घंटे पहले उनकी मौत हो चुकी थी. रविवार को सिविल अस्पताल में तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया और इसके बाद अंतिम संस्कार किया गया.
परिवार ने ड्राइवर पर जताया शक
परिवार ने जतिंदर की मौत को हत्या बताया है. रवि शर्मा का कहना है कि उन्हें अपने ड्राइवर कर्ण पर शक है, जो करीब सात साल से जतिंदर की गाड़ी चला रहा था और पड़ोस में ही रहता है. उनके अनुसार, ड्राइवर को दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिस के हवाले किया गया था लेकिन शाम को उसके छोड़े जाने की जानकारी मिली. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि इलाके में रहने वाला एक अन्य व्यक्ति इस मामले के पीछे हो सकता है. इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.
Also Read
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी तस्वीर
रवि शर्मा ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि जांच में किसी और की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए. पुलिस के अनुसार, फिलहाल धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है और एक संदिग्ध से पूछताछ चल रही है. थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट होगी.