अमृतसर में पुलिस और बदमाश के बीच हुआ मुठभेड़, एनकाउंटर में एक आरोपी घायल; तीन गिरफ्तार
अमृतसर के वेरका क्षेत्र में बदमाशों के दो गुटों की भिड़ंत के बाद पुलिस और आरोपितों के बीच मुठभेड़ हुई. जवाबी फायरिंग में कृष्णा सोनी नामक आरोपी घायल हो गया.
अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में वेरका क्षेत्र के पास मंगलवार तड़के बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि कुल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक पिस्तौल भी बरामद की है. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और फरार आरोपितों की तलाश जारी है.
जानकारी के अनुसार वेरका क्षेत्र में बदमाशों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर टकराव हो गया था. दोनों पक्षों के बीच विवाद और भिड़ंत की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस के पहुंचते ही एक गुट के सदस्यों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पहले आत्मरक्षा के लिए हवा में गोलियां चलाईं और आरोपितों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी.
पुलिस अधिकारियों ने क्या बताया?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार चेतावनी के बावजूद आरोपित लगातार फायरिंग करते रहे. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान कृष्णा सोनी नामक आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया. घायल आरोपी को तुरंत पुलिस हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
Also Read
गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने क्या बताया?
गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कृष्णा सोनी, रंजीत सिंह उर्फ बोबी और गौतम मेहरा के रूप में हुई है. कृष्णा सोनी अमृतसर के तुंगबाला क्षेत्र का निवासी है, जबकि रंजीत सिंह अमृतसर देहात के कलेर मांगट गांव का रहने वाला है. गौतम मेहरा पवन नगर क्षेत्र का निवासी बताया गया है.
पुलिस ने कैसे किया गिरफ्तार?
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान कृष्णा सोनी ने अपने पास मौजूद हथियार एक अन्य साथी को देने की कोशिश की. इसी दौरान उसके तीन अन्य साथी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने घायल कृष्णा और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फरार आरोपितों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
प्रारंभिक जांच में क्या आया सामने?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं. पुलिस के अनुसार रंजीत सिंह उर्फ बोबी के खिलाफ पहले से आपराधिक मामला दर्ज है. गौतम मेहरा पर शराब तस्करी के मामले दर्ज हैं, जबकि कृष्णा सोनी के खिलाफ नशा तस्करी से जुड़ा मामला दर्ज बताया गया है.
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद इस गिरोह और उसके आपराधिक नेटवर्क के बारे में और जानकारी सामने आ सकती है.