menu-icon
India Daily

Petrol-Diesel Price Today: जेब पर फिर पड़ सकता है बोझ, महंगा होगा पेट्रोल-डीजल; चेक करें ताजा रेट

तेल की कीमतों में तेज उछाल ने भारतीय तेल कंपनियों की चिंता बढ़ा दी है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड करीब 100 डॉलर प्रति बैरल पहुंचने के बाद सरकारी तेल कंपनियों को पेट्रोल पर 5 रुपये और डीजल पर 23 रुपये प्रति लीटर तक नुकसान हो रहा है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Petrol-Diesel Price Today: जेब पर फिर पड़ सकता है बोझ, महंगा होगा पेट्रोल-डीजल; चेक करें ताजा रेट
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: कच्चे तेल की कीमतों में जारी तेजी का असर अब भारतीय तेल कंपनियों के कारोबार पर दिखाई देने लगा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की औसत कीमत करीब 100 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई है, जो पिछले तीन महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है. ऐसे समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है. हालांकि, फिलहाल घरेलू बाजार में दोनों ईंधनों के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है.

तेल की कीमतों में तेजी के बीच क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ICRA की रिपोर्ट में सरकारी फ्यूल रिटेलर्स को हो रहे नुकसान का जिक्र किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 5 रुपये और डीजल पर 23 रुपये प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है. दूसरी ओर, देश में 25 मई 2026 के बाद से पेट्रोल डीजल के रिटेल दाम स्थिर हैं. ऐसे में आगे कीमतों को लेकर बाजार पर नजर बनी हुई है.

क्रूड की तेजी ने बढ़ाई कंपनियों की चिंता

ब्रेंट क्रूड बुधवार को 3.4 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 101.21 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ. इसके बाद गुरुवार सुबह के कारोबार में इसकी कीमत करीब 102 डॉलर के स्तर तक पहुंच गई. यह जुलाई के बाद इसका सबसे ऊंचा स्तर है. अमेरिकी बेंचमार्क भी करीब 3.25 फीसदी की तेजी के साथ 96.05 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया.

दिल्ली से मुंबई तक पेट्रोल का भाव

नई दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. मुंबई में पेट्रोल 111.31 रुपये और डीजल 97.97 रुपये प्रति लीटर है. कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये है. चेन्नई में पेट्रोल 107.78 रुपये और डीजल 99.56 रुपये प्रति लीटर है.

इन शहरों में भी जानें आज का रेट

गुरुग्राम में पेट्रोल 102.97 रुपये और डीजल 95.94 रुपये प्रति लीटर है. पटना में पेट्रोल 113.35 रुपये और डीजल 99.36 रुपये है. नागपुर में दोनों के दाम क्रमशः 111.90 रुपये और 98.20 रुपये हैं. शिमला में पेट्रोल 102.31 रुपये और डीजल 94.34 रुपये, जबकि ग्वालियर में पेट्रोल 114.30 रुपये और डीजल 99.35 रुपये प्रति लीटर है. कच्चे तेल की कीमत बढ़ते ही घरेलू ईंधन के दाम तुरंत नहीं बदले जाते. तेल कंपनियां पहले कुछ दिनों या हफ्तों तक क्रूड की औसत कीमत का आकलन करती हैं.