पंजाब में कमजोर पड़ा मानसून, अगले चार दिन सीमित रहेगी बारिश; उमस और गर्मी बढ़ने के आसार
पंजाब में मानसून की रफ्तार अब धीमी पड़ने लगी है. भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दायरा सिमटा रहेगा. हिमाचल प्रदेश से सटे जिलों और कुछ पूर्वी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि मालवा और पश्चिमी पंजाब के अधिकतर जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.
पंजाब में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से प्रदेश में किसी भी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. अगले चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना नहीं है और केवल कुछ चुनिंदा जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है. इसके चलते प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं.
आज, यानी गुरुवार को होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और पठानकोट में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. वहीं अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला और संगरूर में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है.
शुक्रवार से और कमजोर होगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार से मानसून की सक्रियता और कम हो जाएगी. अमृतसर, गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, मानसा, पटियाला, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में केवल छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. इसके विपरीत तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मुक्तसर और फाजिल्का में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है. शनिवार को भी बारिश का दायरा सीमित रहेगा. गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. वहीं मालवा क्षेत्र के अधिकांश जिले शुष्क बने रहेंगे. रविवार तक मानसून का प्रभाव और कमजोर पड़ने की संभावना है. केवल गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है. प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम साफ रहने के आसार हैं.
Also Read
तापमान बढ़ा, उमस करेगी परेशान
पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में बुधवार को 2.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. हालांकि तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है. प्रदेश में सबसे अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक किसी बड़े बारिश तंत्र के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं. ऐसे में दिन के तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है. बारिश कम होने और वातावरण में नमी अधिक रहने से लोगों को उमस और गर्मी का अधिक सामना करना पड़ सकता है. विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है.