पंजाब में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 14 से 17 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

पंजाब में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ सकता है. मौसम विभाग ने 14 से 17 अगस्त के बीच कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. उत्तर और पूर्वी पंजाब के इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है.

ANI
Shanu Sharma

पंजाब में उमस और गर्मी के बीच अगले कुछ दिन राहत देने वाले हो सकते हैं. मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार 14 से 17 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान खासकर उत्तर और पूर्वी पंजाब में भारी वर्षा हो सकती है. मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

14 अगस्त को पठानकोट, होशियारपुर और नवांशहर में भारी बारिश के आसार हैं. इन जिलों में मौसम पर नजर रखने की सलाह दी गई है. राज्य के दूसरे हिस्सों में भी बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.

15 से 17 अगस्त तक इन जिलों में बारिश

15 अगस्त को पठानकोट और रूपनगर में बारिश की संभावना है. हालांकि दूसरे जिलों में मौसम सामान्य रह सकता है, लेकिन कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं. वहीं 16 अगस्त को पठानकोट में भारी बारिश हो सकती है. वहीं राज्य के ज्यादातर हिस्सों में किसी बड़े अलर्ट का संकेत नहीं है. इसके अगले दिन यानी 17 अगस्त को मौसम फिर सक्रिय हो सकता है. इस दिन पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.


गर्मी और उमस से मिली परेशानी

बारिश से पहले पंजाब में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली. वीरवार को राज्य का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन के मुकाबले 0.7 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया. यह सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक रहा. पटियाला में सबसे अधिक 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. फिरोजपुर में 37 डिग्री, लुधियाना में 36.7 डिग्री, बठिंडा में 36.5 डिग्री और पठानकोट में 36.2 डिग्री तापमान रहा. अमृतसर में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. वीरवार को कई जिलों में धूप और बादलों के बीच उमस ने लोगों को परेशान किया. अब मानसून के फिर सक्रिय होने से बारिश के साथ तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.