menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में चार दिन भारी बारिश का चेतावनी, 14 जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट; कई जगह बंद रहेगा स्कूल

उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर आक्रामक हो गया है. मौसम विभाग ने 14 से 17 अगस्त तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
उत्तराखंड में चार दिन भारी बारिश का चेतावनी, 14 जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट; कई जगह बंद रहेगा स्कूल
Courtesy: ANI

उत्तराखंड में अगले चार दिन मौसम का मिजाज बेहद खराब रहने की आशंका है. मौसम विभाग ने 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं चम्पावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में येलो अलर्ट है.

16 अगस्त को चम्पावत, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. इस दिन देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट रहेगा. 17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राज्य के 11 जिलों में येलो अलर्ट रहेगा.

नैनीताल और पिथौरागढ़ में स्कूल बंद

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने 14 अगस्त को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है. जिले में खराब मौसम के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है. पिथौरागढ़ में भी भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने 14 अगस्त को कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश दिए हैं.

बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. कनलगढ़ घाटी से पौसारी तक पिछले मानसून में हुई बारिश और भूस्खलन के निशान अब भी पूरी तरह नहीं मिटे हैं. कई जगह सड़कें, पुल और पैदल रास्ते पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो पाए हैं. ऐसे में फिर मूसलाधार बारिश की आशंका ग्रामीणों के लिए परेशानी बढ़ा सकती है.

चमोली में मलबे से कई सड़कें बंद

चमोली में 13 अगस्त की देर रात से ही तेज बारिश का दौर जारी है. देवाल और नंदानगर क्षेत्र में कई ग्रामीण सड़कों पर मलबा आने से यातायात बाधित हो गया. सड़कें बंद होने के कारण ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. 14 अगस्त को भी बारिश जारी रहने की संभावना है. टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में भी 14 से 17 अगस्त के बीच तेज से अति तेज बारिश की चेतावनी है. केदारनाथ और बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.