आधी रात गांव में बिना कपड़ों के घूमती रही महिला, ग्रामीणों ने पूछा तो बताई अजीब वजह

कपूरथला के नरोड़ गांव में आधी रात एक महिला बिना कपड़ों के अलग-अलग जगहों पर घूमती दिखाई दी. ग्रामीणों ने उसे कपड़े देने की कोशिश की, लेकिन उसने इनकार कर दिया. घटना CCTV में कैद हुई.

X
Kanhaiya Kumar Jha

कपूरथला: पंजाब के कपूरथला जिले के फगवाड़ा के पास नरोड़ गांव में देर रात एक महिला के असामान्य तरीके से घूमने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे महिला बिना कपड़ों के पानी की टंकी, श्मशान घाट और रिहायशी इलाकों के आसपास दिखाई दी. उसने कुछ घरों के बाहर सो रहे लोगों की चारपाइयों पर बैठने की कोशिश भी की. ग्रामीणों ने उससे बातचीत की और शरीर ढकने के लिए कपड़े दिए, लेकिन उसने कपड़े लेने से इनकार कर दिया.

गांव निवासी बेलाराम के अनुसार, उन्होंने महिला को पानी की टंकी और श्मशान घाट के पास देखा. उन्होंने उससे इस तरह घूमने की वजह पूछी तो महिला ने बताया कि वह नहा रही थी और इसी दौरान कोई उसके कपड़े उठा ले गया. ग्रामीणों ने उसे पहनने के लिए कपड़े देने की कोशिश की, लेकिन उसने कपड़े नहीं लिए. इसके बाद वह गुज्जरों के डेरे की दिशा में चली गई. ग्रामीणों ने घटना की जानकारी गांव के लोगों को दी.

आधी रात हवेली के आसपास भी घूमती दिखी

रहमत अली ने बताया कि रात करीब 12 बजे महिला उनकी हवेली के आसपास भी दिखाई दी. उन्होंने भी उसे कपड़े देने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने कपड़े लेने से इनकार कर दिया. ग्रामीणों के अनुसार, महिला उस दौरान शोर भी कर रही थी. उसके व्यवहार और रात के समय इस तरह घूमने से आसपास रहने वाले परिवारों में चिंता फैल गई. कुछ लोगों ने रात में जागकर स्थिति पर नजर रखी. हालांकि, कुछ देर बाद महिला वहां से भी चली गई.


अलग-अलग जगहों की गतिविधियां CCTV में कैद

ग्रामीणों के मुताबिक, महिला के रात में घूमने की गतिविधियां गांव में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं. फुटेज में वह अलग-अलग स्थानों पर दिखाई देती है. कभी वह पेड़ के पीछे नजर आती है तो कभी खेतों और रिहायशी इलाके के आसपास घूमती दिखती है. ग्रामीणों का कहना है कि महिला की पहचान अभी सामने नहीं आई है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह गांव में कहां से आई थी और उसके साथ वास्तव में क्या हुआ था.

सरपंच बोलीं- वजह अभी साफ नहीं

गांव की सरपंच राजकमल कौर ने कहा कि महिला के गांव में आने और इस तरह रात में घूमने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. उन्होंने ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने की अपील की है. सरपंच के मुताबिक, महिला के कपड़े कहां गए और वह इस स्थिति में क्यों थी, इन सवालों का जवाब फिलहाल नहीं मिला है. घटना वाली रात के बाद महिला दोबारा दिखाई नहीं दी. ग्रामीण अब CCTV फुटेज के आधार पर उसकी पहचान और घटना की वजह समझने की कोशिश कर रहे हैं.