फतेहगढ़ साहिब जिले की खमानों तहसील के हवारा कलां गांव में आम आदमी पार्टी के श्री चमकौर साहिब से विधायक डॉ. चरणजीत सिंह पहुंचे. उन्होंने जेल में बंद जगतार सिंह हवारा की बुजुर्ग और बीमार मां नरिंदर कौर से मुलाकात कर उनका हाल जाना. मां की नाजुक हालत को देखते हुए विधायक ने भावुक होकर कहा कि बेटे से मिलने की एक मां की इच्छा और उसका दर्द शब्दों में बताना आसान नहीं है. उन्होंने हवारा को पैरोल दिए जाने की मांग का समर्थन किया.
डॉ. चरणजीत सिंह ने नरिंदर कौर से मुलाकात के दौरान उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि इस उम्र में बेटे से मिलने की मां की इच्छा स्वाभाविक है. विधायक ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल से मुलाकात के साथ केंद्र सरकार को पत्र भेजकर हवारा को कम से कम 10 दिन की पैरोल देने की मांग की है. उनका कहना है कि मानवीय आधार पर हवारा को अपनी बीमार मां के पास रहने का अवसर मिलना चाहिए.
जगतार सिंह हवारा की पैरोल का मुद्दा पंजाब विधानसभा के मौजूदा सत्र में भी उठ चुका है. विधायक ने कहा कि मानवता और मानवाधिकारों को ध्यान में रखते हुए इस मामले पर सकारात्मक फैसला होना चाहिए. उन्होंने नरिंदर कौर के बेहतर स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की. हवारा फिलहाल दिल्ली की मंडोली जेल में सजा काट रहा है.
जगतार सिंह हवारा को 1995 में तत्कालीन पंजाब मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या की साजिश में दोषी ठहराया गया था. निचली अदालत ने 2007 में उसे फांसी की सजा सुनाई थी. बाद में अक्टूबर 2010 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इस सजा को उम्रकैद में बदल दिया. हवारा पहले वॉलीबॉल का खिलाड़ी भी रह चुका है.
31 अगस्त 1995 को पंजाब और हरियाणा सचिवालय के बाहर हुए बम धमाके में बेअंत सिंह समेत 17 लोगों की मौत हुई थी. इस हमले को दिलावर सिंह ने मानव बम के रूप में अंजाम दिया था. मामले में जगतार सिंह हवारा और बलवंत सिंह राजोआणा को प्रमुख साजिशकर्ता माना गया. अब हवारा की मां की खराब सेहत के बीच पैरोल की मांग फिर चर्चा में है.