menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; गंगा में बहा श्रद्धालु

उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने 26 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; गंगा में बहा श्रद्धालु
Courtesy: ANI

उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है. मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार यानी 26 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ में भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए संबंधित जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. खासकर संवेदनशील और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के साथ यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

चकराता में सबसे ज्यादा बारिश

राज्य में कई स्थानों पर बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना है. बीते 24 घंटे के दौरान देहरादून के चकराता में सबसे ज्यादा 43 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा धनोल्टी में 35 मिलीमीटर और रिखणीखाल में 33.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. ऋषिकेश के नीलकंठ, सहस्रधारा, लक्सर, बाजपुर, बनबसा और रुद्रपुर समेत कई इलाकों में भी बारिश और बौछारें दर्ज की गईं. बारिश के चलते कई क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आई है.

मुक्तेश्वर में सबसे कम रहा तापमान

बारिश के कारण पहाडी और मैदानी क्षेत्रों के तापमान में भी बदलाव देखने को मिला. देहरादून में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंतनगर में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 24.8 डिग्री रहा. वहीं मुक्तेश्वर में मौसम सबसे ठंडा रहा. यहां अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बारिश के बीच हरिद्वार में गंगा का जलस्तर और बहाव भी चिंता का कारण बना हुआ है. 

भूपतवाला के पास चित्रकूट घाट पर मंगलवार शाम स्नान करने के दौरान उत्तर प्रदेश का एक श्रद्धालु तेज बहाव की चपेट में आ गया और गंगा में बहकर लापता हो गया. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, बागपत जिले के बडौत क्षेत्र के रहने वाले 52 वर्षीय श्याम गंगा में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान अचानक तेज बहाव में उनका संतुलन बिगड गया और वे नदी में बह गए. घटना की जानकारी मिलते ही जल पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमें मौके पर पहुंचीं. इसके बाद नदी में तलाशी अभियान शुरू किया गया, लेकिन देर शाम तक श्रद्धालु का कोई पता नहीं चल सका था. प्रशासन ने लोगों से नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है.