menu-icon
India Daily

राहुल गांधी का पंजाब दौरा, 135 किमी की यात्रा से खत्म करवाएंगे गुटबाजी, चन्नी और वड़िंग भी होंगे साथ

कांग्रेस विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है. इसी बीच पार्टी ने अंदरूनी मतभेद दूर करने के लिए एक विशेष यात्रा की योजना बनाई है. भूपेश बघेल ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बताया कि यात्रा की सटीक तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन यह सितंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो सकती है.

antima
Edited By: Antima Pal
राहुल गांधी का पंजाब दौरा, 135 किमी की यात्रा से खत्म करवाएंगे गुटबाजी, चन्नी और वड़िंग भी होंगे साथ
Courtesy: Pinterest

पंजाब: पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह को खत्म करने के लिए राहुल गांधी सितंबर में प्रदेश का दौरा करने वाले हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के बीच तनाव बढ़ने के बाद अब उच्च नेतृत्व सक्रिय हो गया है. प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल कई कोशिशों के बावजूद दोनों गुटों को एक नहीं कर पाए थे. ऐसे में राहुल गांधी की प्रस्तावित बस यात्रा पर सबकी नजरें टिकी हैं.

राहुल गांधी का पंजाब दौरा

कांग्रेस विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है. इसी बीच पार्टी ने अंदरूनी मतभेद दूर करने के लिए एक विशेष यात्रा की योजना बनाई है. भूपेश बघेल ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बताया कि यात्रा की सटीक तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन यह सितंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो सकती है. पार्टी इसे 'पंजाब बचाओ यात्रा' नाम देने की सोच रही है. योजना के मुताबिक यात्रा अमृतसर से शुरू होगी.

135 किमी की यात्रा से खत्म करवाएंगे गुटबाजी

यात्रा के दौरान राहुल गांधी सबसे पहले श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकेंगे. इसके बाद वे करीब 135 किलोमीटर का सफर बस से तय करेंगे. इस दौरान माझा, दोआबा और मालवा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नेताओं से मुलाकात की जाएगी. यात्रा का मुख्य उद्देश्य चुनावी अभियान को तेज करना, संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाना और पार्टी की एकजुट तस्वीर पेश करना है.

पार्टी नेताओं के अनुसार यात्रा से पहले चन्नी और वड़िंग दोनों खेमों को साथ लाना सबसे बड़ी चुनौती है. अगर दोनों नेता एक साथ नजर आए तो कांग्रेस की छवि मजबूत हो सकती है. राहुल गांधी बस यात्रा के लिए पहले ही सहमति दे चुके हैं. पंजाब कांग्रेस जल्द ही पूरा शेड्यूल जारी करेगी.

सूत्रों का कहना है कि इस यात्रा में बड़े नेता एक ही बस में नजर आ सकते हैं. इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ने की उम्मीद है. कांग्रेस चाहती है कि आंतरिक कलह खत्म हो और पूरा संगठन चुनाव की तैयारी में जुट जाए. राहुल गांधी की इस यात्रा से पंजाब की राजनीति में नया मोड़ आने की संभावना जताई जा रही है.