menu-icon
India Daily

अमृतसर के जंडियाला गुरु में एनकाउंटर, 36 घंटे में गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग; आरोपी घायल

अमृतसर के जंडियाला गुरु इलाके में एक घर पर फायरिंग की वारदात के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मात्र 36 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया.

antima
Edited By: Antima Pal
अमृतसर के जंडियाला गुरु में एनकाउंटर, 36 घंटे में गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग; आरोपी घायल
Courtesy: Pinterest

Jandiala Guru Police Encounter: अमृतसर के जंडियाला गुरु इलाके में एक घर पर फायरिंग की वारदात के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मात्र 36 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया.

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान लवप्रीत सिंह उर्फ रूपी (पुत्र मंगल सिंह, निवासी ज्योतिसर) के रूप में हुई है. आरोपी पर पहले से ही 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं.

घटना क्या थी?

डीएसपी बलजीत सिंह ने बताया कि थाना जंडियाला गुरु की टीम को गुप्त सूचना मिली थी. एसएचओ हरपाल सिंह की टीम जानियां मोड़ पर नाकाबंदी कर रही थी. इसी दौरान बाइक पर सवार लवप्रीत सिंह आया. पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने तुरंत पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी की बाईं टांग में गोली लग गई. उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 बोर की मैगजीन वाली पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है.

रंजिश की कहानी  

पुलिस जांच में पता चला कि यह फायरिंग जेल के अंदर हुई एक छोटी सी कहासुनी का बदला थी. 8 जुलाई को अमृतसर जिला जेल में बलजीत सिंह उर्फ भुल्ली (जिसके घर पर फायरिंग हुई थी) और साजन उर्फ काना के बीच झगड़ा हो गया था. भुल्ली फिलहाल जेल में बंद है.

रंजिश के चलते साजन काना ने अपने साथियों के जरिए भुल्ली के घर पर फायरिंग करवाई. पुलिस ने इस मामले में कई आरोपियों को नामजद किया था, जिनमें लवप्रीत सिंह मुख्य आरोपी था.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधी को इतनी जल्दी पकड़ना टीम की अच्छी कामयाबी है. आरोपी कोर्ट में पेश किया जाएगा. पुलिस पूछताछ में अन्य आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है. यह घटना स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बन गई है. इलाके में पुलिस की नाकाबंदी और गश्त बढ़ा दी गई है ताकि कोई और घटना न हो.

पुलिस ने अपील की है कि अगर किसी को इस मामले में कोई जानकारी हो तो वह तुरंत थाना जंडियाला गुरु को सूचित करे. अधिकारी का कहना है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.