ट्रक ड्राइवर की मदद के लिए आगे आए दिलजीत दोसांझ और द ग्रेट खली, सऊदी में मिली है फांसी की सजा

सऊदी अरब में मौत की सजा पाए पंजाब के ट्रक ड्राइवर बलजिंदर सिंह के समर्थन में सरपंच यूनियन आगे आई है.

X
Ashutosh Rai

पठानकोट के सुजानपुर देहाती गांव के रहने वाले ट्रक ड्राइवर बलजिंदर सिंह को सऊदी अरब में मौत की सजा सुनाए जाने का मामला चर्चा में है. परिवार के मुताबिक, वह करीब 10 साल से दुबई में काम कर रहे थे. अब स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि केंद्र सरकार से कूटनीतिक मदद की मांग कर रहे हैं.

बलजिंदर के परिवार से मिली सरपंच यूनियन

हल्का सुजानपुर की सरपंच यूनियन ने प्रधान अक्षय कुमार के नेतृत्व में बलजिंदर सिंह के परिवार से मुलाकात की. यूनियन ने परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिया. अक्षय कुमार के अनुसार, बलजिंदर करीब एक दशक से दुबई में ट्रक चलाते थे और वहां से सऊदी अरब सामान लेकर आते-जाते थे. परिवार का कहना है कि इसी दौरान एक परिचित ने उन्हें अपने बीमार पिता के लिए दवाइयों का पैकेट सऊदी अरब ले जाने को कहा था. बलजिंदर ने मदद के इरादे से पैकेट साथ ले लिया लेकिन सऊदी सीमा पर जांच के दौरान उसमें कथित नशीला पदार्थ मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

समर्थन में दिलजीत दोसांझ और द ग्रेट खली

परिवार के मुताबिक, इस मामले में पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ, पहलवान द ग्रेट खली यानी दलीप सिंह राणा के अलावा कई नेता और सामाजिक संगठन भी बलजिंदर के समर्थन में सामने आए है. परिवार को उम्मीद है कि इस मदद से मामले में आगे रास्ता निकल सकता है. सरपंच यूनियन ने भी इसे गंभीर मामला बताते हुए पंचायत स्तर पर प्रयास शुरू किए हैं. यूनियन का कहना है कि बलजिंदर के परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उनकी मदद के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.


केंद्र सरकार से कूटनीतिक हस्तक्षेप की मांग

प्रधान अक्षय कुमार ने बताया कि जल्द ही सुजानपुर क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों की संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी. बैठक में बलजिंदर के मामले पर आगे की रणनीति तय की जाएगी. इसके बाद पंचायतों की ओर से मांग पत्र तैयार कर पठानकोट के डिप्टी कमिश्नर के माध्यम से केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय को भेजने की बात कही गई है. इसमें भारत सरकार से सऊदी अरब के साथ कूटनीतिक स्तर पर बातचीत कर बलजिंदर की मौत की सजा माफ कराने की मांग की जाएगी.