चंढ़ीगढ़: शेयर बाजार में पैसा लगाकर तेजी से कमाई करने का सपना दिखाकर साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं. चंडीगढ़ में ऐसे ही दो मामलों में महिलाओं से करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. एक महिला को निवेश कंपनी का अधिकारी बनकर फोन किया गया और उसे बड़े रिटर्न का भरोसा दिया गया. शुरुआत में खाते में मुनाफा दिखाकर उसका विश्वास जीता गया, जिसके बाद उससे लगातार बड़ी रकम जमा कराई गई.
पहले मामले में अगस्त के पहले सप्ताह में महिला को एक व्यक्ति का फोन आया. उसने खुद को निवेश कंपनी का अधिकारी बताया और दावा किया कि उसकी कंपनी बड़ी कंपनियों के साथ काम करती है. महिला को शेयर बाजार में ट्रेडिंग के जरिए रोजाना करीब पांच प्रतिशत मुनाफे का भरोसा दिया गया. आईपीओ में 150 प्रतिशत तक रिटर्न मिलने की बात भी कही गई. भरोसा बढ़ाने के लिए कथित सेबी पंजीकरण प्रमाणपत्र और जॉब आईडी कार्ड वाट्सऐप पर भेजे गए.
चार अगस्त को महिला ने करीब 20 हजार रुपये जमा किए. इसके बाद ऑनलाइन खाते में करीब पांच प्रतिशत मुनाफा दिखाई देने लगा. इस लाभ को देखकर महिला ने निवेश बढ़ाना शुरू किया और करीब 20 लाख रुपये जमा कर दिए. खाते में मुनाफा लगातार बढ़ता हुआ दिखाया जाता रहा. बाद में आरोपितों ने राइट इश्यू में निवेश का प्रस्ताव रखा. अधिक रकम लगाने पर कंपनी का पार्टनर बनाने का झांसा भी दिया गया.
महिला ने कथित तौर पर राइट इश्यू में 1.50 करोड़ रुपये निवेश किए. इसके बाद एक आईपीओ में भी करीब 1.50 करोड़ रुपये लगा दिए. जब उसने अपने पैसे वापस निकालने की कोशिश की तो आरोपितों ने टैक्स और कंपनी के लाभांश के नाम पर अतिरिक्त रकम मांगनी शुरू कर दी. महिला ने करीब 10 लाख रुपये और जमा कर दिए. जब तक उसे पूरे मामले में गड़बड़ी का एहसास हुआ, तब तक वह करीब 3.30 करोड़ रुपये गंवा चुकी थी.
सेक्टर 44 निवासी मनबीर कौर ने पुलिस को बताया कि दो जून को उन्होंने फेसबुक पर शेयर बाजार में वन टाइम निवेश से अगले दिन से मुनाफा मिलने का विज्ञापन देखा. विज्ञापन में दिए लिंक से उन्होंने पंजीकरण किया. इसके बाद एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को ट्रेडिंग कंपनी का अकाउंट मैनेजर बताया. कंपनी की ई मेल आईडी से अकाउंट खुलने का कथित कन्फर्मेशन भी दिया गया. शुरुआत में महिला ने करीब 20,690 रुपये जमा किए.
ऑनलाइन खाते में मुनाफा दिखाई देने के बाद महिला ने छोटी रकम निकालकर देखी. पैसा बैंक खाते में पहुंचने से उसका भरोसा और मजबूत हो गया. इसके बाद मार्जिन कम होने और ट्रेड को नुकसान से बचाने के नाम पर उससे लगातार रकम जमा कराई गई. ऑनलाइन खाते में एक समय 73 लाख रुपये का मुनाफा दिखाई दिया. रकम निकालने पर भारतीय मुद्रा में बदलने के लिए फीस मांगी गई और महिला ने करीब 4.20 लाख रुपये जमा कर दिए. बाद में और पैसे मांगे जाने पर उसे शक हुआ. इस मामले में कुल 18,93,731 रुपये की ठगी हुई.