menu-icon
India Daily

15 जून से घर-घर पहुंचेंगे BLO, चंडीगढ़ में 14 जुलाई तक चलेगी SIR प्रक्रिया; हर वोटर का होगा सत्यापन

चंडीगढ़ में मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और अपडेट बनाने के लिए निर्वाचन विभाग एक व्यापक अभियान शुरू करने जा रहा है. 15 जून से शुरू होने वाले इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शहर के सभी मतदाताओं का दोबारा सत्यापन किया जाएगा.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
15 जून से घर-घर पहुंचेंगे BLO, चंडीगढ़ में 14 जुलाई तक चलेगी SIR प्रक्रिया; हर वोटर का होगा सत्यापन
Courtesy: Pinterest

चंडीगढ़: चंडीगढ़ में मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और अपडेट बनाने के लिए निर्वाचन विभाग एक व्यापक अभियान शुरू करने जा रहा है. 15 जून से शुरू होने वाले इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शहर के सभी मतदाताओं का दोबारा सत्यापन किया जाएगा. इसका उद्देश्य मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करना और केवल पात्र मतदाताओं का रिकॉर्ड सुनिश्चित करना है.

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर चलाया जा रहा है. चंडीगढ़ सहित देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह प्रक्रिया लागू की जा रही है. शहर में दर्ज 5.16 लाख से अधिक मतदाताओं की जानकारी का पुनः सत्यापन किया जाएगा, ताकि मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर सूची को अपडेट किया जा सके.

घर-घर पहुंचेंगे BLO

इस अभियान के लिए 614 बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) तैनात किए गए हैं. 15 जून से 14 जुलाई तक चलने वाले सर्वे के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे. 

प्रत्येक मतदाता को फॉर्म की दो प्रतियां दी जाएंगी, जिनमें से एक भरकर वापस जमा करनी होगी जबकि दूसरी रसीद के रूप में अपने पास रखी जा सकेगी.

बंद घर मिलने पर भी नहीं रुकेगा सत्यापन

निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी घर पर पहली बार जाने पर ताला लगा मिलता है, तो BLO दोबारा और फिर तीसरी बार भी वहां जाएंगे. लगातार तीन प्रयासों के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर संबंधित मतदाता के नाम को संदिग्ध श्रेणी में रखा जा सकता है और आगे की कार्रवाई की जाएगी.

फॉर्म जमा करना होगा अनिवार्य

अधिकारियों ने बताया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान में एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करना बेहद महत्वपूर्ण है. आगामी प्रारूप मतदाता सूची में उन्हीं लोगों के नाम शामिल किए जाएंगे, जिन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना फॉर्म जमा कराया होगा.

72% से ज्यादा मतदाताओं की हो चुकी है मैपिंग

निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक 72.44 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है. इस प्रक्रिया में हजारों मृत मतदाताओं की पहचान हुई है, जबकि बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता भी सामने आए हैं जिनकी जानकारी अभी सत्यापित की जानी बाकी है.

ऑनलाइन सुविधा और जागरूकता अभियान

जो मतदाता शहर से बाहर हैं, वे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से फॉर्म डाउनलोड कर जमा कर सकते हैं. इसके अलावा निर्वाचन विभाग जागरूकता बढ़ाने के लिए साइकिल रैलियां और विशेष शिविर आयोजित करेगा. वहीं, राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी इस अभियान में सहयोग करते हुए मतदाताओं से फॉर्म एकत्र करने में मदद करेंगे.