चंड़ीगढ़ में अपराध की एक और सनसनीखेज घटना ने लोगों को हिला दिया है. बुधवार को एक 31 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर की जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और कुछ ही सेकंड में कई राउंड फायरिंग कर फरार हो गए. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है.
मृतक की पहचान चरनप्रीत सिंह के रूप में हुई है. वह जिम से निकलकर अपनी कार में बैठकर जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो हमलावर उनके पास पहुंचे. इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, एक हमलावर ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. करीब आठ गोलियां चलाई गईं. घायल होने के बावजूद उन्होंने बचने की कोशिश की, लेकिन कार के अंदर ही गिर पड़े.
गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत PGI हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. डॉक्टरों के मुताबिक अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
यहां देखें वीडियो
Visuals from Sector 9, Chandigarh, where Preet Nagra was shot dead by two assailants upon arriving at a gym. Gangster Lucky Patial has claimed responsibility, alleging that Nagra was supporting their rivals. pic.twitter.com/zEhg4ucjMC
— Gagandeep Singh (@Gagan4344) March 18, 2026
हमलावर हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश जारी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और घटना के पीछे की साजिश का खुलासा किया जाएगा.
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लकी पाटीलाल नाम के गैंगस्टर ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि यह मामला गैंगवार से जुड़ा हो सकता है. गौरतलब है कि 24 घंटे के भीतर यह दूसरी फायरिंग की घटना है, जिससे शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.