BSF मुख्यालय ब्लास्ट जांच में नया खुलासा, आरोपी के फोन पर आए 3 संदिग्ध कॉल्स; एजेंसियों की बढ़ी चिंता
जालंधर में BSF पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के पास हुए विस्फोट मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं. जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी उमरदीन के मोबाइल फोन पर घटना के दौरान और उसके आसपास के समय में तीन संदिग्ध नंबरों से लगातार संपर्क किया गया था.
जालंधर: जालंधर में BSF पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के पास हुए विस्फोट मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं. अब जांच एजेंसियों को ऐसे सुराग मिले हैं, जिन्होंने इस मामले को और गंभीर बना दिया है. गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल फोन से मिली जानकारी ने संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की आशंका को भी बल दिया है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं.
मामले की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी उमरदीन के मोबाइल फोन पर घटना के दौरान और उसके आसपास के समय में तीन संदिग्ध नंबरों से लगातार संपर्क किया गया था. जांचकर्ताओं को आशंका है कि इन नंबरों का संबंध पाकिस्तान से हो सकता है. हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और तकनीकी स्तर पर इसकी गहन जांच जारी है. घटना के बाद से ये तीनों नंबर बंद बताए जा रहे हैं.
मोबाइल कॉल्स बनीं जांच की अहम कड़ी
जांच एजेंसियों ने आरोपी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया. इस दौरान पता चला कि ब्लास्ट से पहले और बाद में संदिग्ध नंबरों से लगातार बातचीत हुई थी. अधिकारियों का मानना है कि इन कॉल्स के जरिए घटना की साजिश और उससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है.
Also Read
अमृतसर और दिल्ली कनेक्शन की जांच
तकनीकी जांच के दौरान इन नंबरों की आखिरी लोकेशन अमृतसर क्षेत्र में ट्रेस की गई है. इससे पहले इनके दिल्ली में सक्रिय होने की भी जानकारी मिली है. इसी वजह से सुरक्षा एजेंसियां अब दिल्ली और अमृतसर के बीच संभावित संपर्कों और नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं. जांचकर्ता संबंधित नंबरों के उपयोगकर्ताओं की पहचान, उनकी गतिविधियों और संपर्क सूत्रों की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं.
केंद्रीय एजेंसियां भी सक्रिय
इस संवेदनशील मामले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) समेत कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय सुरक्षा एजेंसियां शामिल हैं. अधिकारियों का मानना है कि संदिग्ध नंबरों से जुड़े व्यक्तियों तक पहुंचने के बाद मामले में कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.
घटना से लेकर गिरफ्तारी तक, पूरी जानकारी
5 मई को जालंधर स्थित BSF पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के नजदीक एक स्कूटी में विस्फोट हुआ था. अगले दिन शुरुआती जांच में विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल की आशंका सामने आई, जिसके बाद केंद्रीय एजेंसियां भी जांच में शामिल हो गईं. 14 मई को पुलिस ने उमरदीन को गिरफ्तार किया, जबकि 16 मई को दिल्ली से अनिल शर्मा को हिरासत में लिया गया. अब जांच का फोकस उन संदिग्ध कॉल्स और उनके पीछे मौजूद नेटवर्क तक पहुंचने पर है.