menu-icon
India Daily

राखी भेजने वालों के लिए खुशखबरी, रक्षाबंधन तक छुट्टी में भी खुले रहेंगे बठिंडा मंडल के 6 डाकघर

रक्षाबंधन को देखते हुए बठिंडा मंडल के छह डाकघर 31 अगस्त 2026 तक रविवार और सरकारी छुट्टियों में भी खुले रहेंगे. यहां सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक स्पीड पोस्ट, पार्सल, आधार और अन्य डाक सेवाएं मिलेंगी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
राखी भेजने वालों के लिए खुशखबरी, रक्षाबंधन तक छुट्टी में भी खुले रहेंगे बठिंडा मंडल के 6 डाकघर
Courtesy: ChatGPT (Representative image)

बठिंडा: रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए डाक विभाग ने लोगों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है. बठिंडा मंडल के छह प्रमुख डाकघर 31 अगस्त 2026 तक रविवार और सरकारी छुट्टियों के दिन भी खुले रहेंगे. इस दौरान लोग राखी, पार्सल और अन्य जरूरी डाक सामग्री आसानी से भेज सकेंगे. इन डाकघरों में सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी.

बठिंडा मंडल के अधीक्षक डाकघर महेश बिंदल ने बताया कि बठिंडा प्रधान डाकघर, बठिंडा सिटी उप डाकघर, मानसा उप डाकघर, रामपुरा फूल उप डाकघर, बुढलाडा उप डाकघर और रामा उप डाकघर को विशेष व्यवस्था के तहत छुट्टियों में भी खोलने का फैसला लिया गया है. यह व्यवस्था 15 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक लागू रहेगी.

कौन-कौन सी सुविधाएं रहेंगी उपलब्ध?

इन डाकघरों में लोगों को कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ मिलेगा. छुट्टी के दिन भी स्पीड पोस्ट, अंतरराष्ट्रीय डाक बुकिंग, पार्सल बुकिंग और पार्सल पैकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा आधार नामांकन और आधार में सुधार जैसी सेवाएं भी जारी रहेंगी. लोगों को गंगाजल वितरण की सुविधा भी मिल सकेगी.

डाक विभाग ने और क्या दी हैं सुविधाएं?

रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में लोग डाक के जरिए अपने भाई और बहनों को राखियां भेजते हैं. बारिश के मौसम को देखते हुए डाक विभाग ने राखियों और अन्य सामान को सुरक्षित रखने के लिए विशेष जलरोधक लिफाफे और डिब्बे भी उपलब्ध करवाए हैं. इससे बारिश के दौरान राखी और पार्सल खराब होने की संभावना कम होगी.

डाक विभाग की इस व्यवस्था से नौकरीपेशा और व्यस्त लोगों को काफी सुविधा मिलेगी. ऐसे लोग जो सामान्य कार्यदिवस में डाकघर नहीं जा पाते हैं, वे रविवार या सरकारी छुट्टी के दिन भी जरूरी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे.

अधीक्षक डाकघर ने क्या की है अपील?

अधीक्षक डाकघर महेश बिंदल ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहार से पहले अपनी राखियां और पार्सल बुक करा दें. विभाग का उद्देश्य लोगों को समयबद्ध और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि राखियां और अन्य सामान समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें