menu-icon
India Daily

अजनाला कोर्ट में आज अमृतपाल सिंह की पेशी, वीडियो कॉन्फ्रेंस से होगी सुनवाई; बढ़ाई सुरक्षा

एनएसए हटने के बाद अब अमृतपाल सिंह के मामलों में न्यायिक प्रक्रिया तेज हो गई है. आज अजनाला अदालत में उसकी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पेशी होगी और पुलिस पंजाब लाने की तैयारी में जुटी है.

babli
Edited By: Babli Rautela
अजनाला कोर्ट में आज अमृतपाल सिंह की पेशी, वीडियो कॉन्फ्रेंस से होगी सुनवाई; बढ़ाई सुरक्षा
Courtesy: ANI

पंजाब की सियासत और कानून व्यवस्था से जुड़ा एक बड़ा नाम एक बार फिर चर्चा में है. अमृतपाल सिंह को लेकर आज अजनाला कोर्ट में अहम सुनवाई होनी है. एनएसए हटने के बाद अब मामला सीधे अदालत की प्रक्रिया में आ चुका है. ऐसे में हर कदम पर नजर रखी जा रही है. कोर्ट में पेशी भले ही वर्चुअल हो, लेकिन इसके असर जमीन पर साफ दिखाई दे रहे हैं.

अजनाला कोर्ट में पेशी के बाद अमृतपाल सिंह को 30 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद यह फैसला आया, जिससे अब आगे की कार्रवाई जेल से ही होगी. राष्ट्रीय सुरक्षा कानून हटने के बाद अब उसके खिलाफ दर्ज मामलों में नियमित न्यायिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. अब पुलिस और अदालत दोनों स्तर पर कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है.

डिब्रूगढ़ जेल से शुरू हुई प्रक्रिया

जानकारी के अनुसार पुलिस टीम डिब्रूगढ़ जेल पहुंची थी, जहां अमृतपाल सिंह NSA के तहत बंद थे. 22 अप्रैल को उनकी नजरबंदी खत्म होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. अमृतपाल सिंह के वकील ऋतुराज सिंह के अनुसार NSA खत्म हो चुका है, लेकिन FIR नंबर 39 के तहत केस जारी है. इस मामले में धारा 307 समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं.

यह मामला फरवरी 2023 में अजनाला थाना घटना से जुड़ा है. उस दौरान अमृतपाल अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे थे और बैरिकेड्स तोड़कर अंदर घुस गए थे. बताया गया था कि उनका मकसद एक गिरफ्तार साथी को छुड़ाना था, जिसके चलते पुलिस और समर्थकों के बीच झड़प हुई थी.

41 लोगों पर दर्ज हैं गंभीर आरोप

इस पूरे मामले में अमृतपाल सिंह समेत कुल 41 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. इन पर हत्या के प्रयास, सरकारी कर्मचारियों पर हमला, आपराधिक साजिश और दंगा जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पुलिस के अनुसार अमृतपाल सिंह इस केस के मुख्य आरोपी हैं.