menu-icon
India Daily

गणेशोत्सव पर महाराष्ट्र सरकार का बड़ा तोहफा, 17 दिन कोंकण का सफर होगा टोल फ्री

Ganeshotsav 2026 के दौरान महाराष्ट्र सरकार ने कोंकण जाने वाले गणेश भक्तों के लिए 11 से 27 सितंबर तक टोल माफी का ऐलान किया है. मुंबई-गोवा और मुंबई-बेंगलुरु हाईवे समेत कई प्रमुख रास्तों पर छूट मिलेगी.

babli
Edited By: Babli Rautela
गणेशोत्सव पर महाराष्ट्र सरकार का बड़ा तोहफा, 17 दिन कोंकण का सफर होगा टोल फ्री
Courtesy: AI

गणेशोत्सव के मौके पर महाराष्ट्र सरकार ने कोंकण जाने वाले गणेश भक्तों को बड़ी राहत दी है. सरकार ने 11 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक कोंकण की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए टोल माफ करने का फैसला किया है. इसका फायदा निजी वाहनों के साथ कुछ सरकारी बसों को भी मिलेगा.

हर साल गणेशोत्सव के दौरान मुंबई, ठाणे, पुणे और महाराष्ट्र के दूसरे हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग अपने पैतृक गांवों में त्योहार मनाने के लिए कोंकण का रुख करते हैं. इसी को देखते हुए सरकार ने यात्रा के दौरान टोल का बोझ कम करने का फैसला किया है.

किन रास्तों पर मिलेगी टोल से छूट

सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक टोल छूट 11 सितंबर से 27 सितंबर तक लागू रहेगी. इसके दायरे में कोंकण जाने वाले कई प्रमुख मार्ग शामिल हैं. इनमें मुंबई-बेंगलुरु नेशनल हाईवे 48 और मुंबई-गोवा नेशनल हाईवे 66 प्रमुख हैं. इसके अलावा कोंकण की ओर जाने वाले संबंधित प्रमुख मार्गों पर भी यह सुविधा लागू होगी.

अटल सेतु के रास्ते कोंकण जाने वाले वाहनों को भी इस टोल छूट का लाभ मिलेगा. इसके साथ ही कोंकण क्षेत्र में PWD और MSRDC के तहत आने वाले प्रमुख स्टेट हाईवे के टोल प्लाजा भी इस योजना के दायरे में बताए गए हैं.

टोल फ्री सफर के लिए जरूरी होगा पास

टोल छूट का लाभ लेने के लिए श्रद्धालुओं को विशेष पास या स्टिकर लेना होगा. इस पर Ganeshotsav 2026 Konkan Darshan लिखा होगा. बिना निर्धारित पास या स्टिकर के टोल छूट मिलने में परेशानी हो सकती है. यात्रा से पहले इस पास को प्राप्त करना जरूरी होगा, ताकि टोल प्लाजा पर वाहन की पहचान आसानी से हो सके.

ऐसे मिलेगा गणेशोत्सव का पास

पास या स्टिकर हासिल करने के लिए श्रद्धालु अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन, ट्रैफिक चौकी या RTO कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए आवेदन फॉर्म में यात्रा से जुड़ी जानकारी और वाहन की डिटेल देनी होगी. वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और ड्राइवर या वाहन मालिक का नाम भी उपलब्ध कराना होगा.

जानकारी की जांच के बाद संबंधित अधिकारी पात्र वाहन के लिए विशेष स्टिकर या पास जारी करेंगे. यात्रा शुरू करने से पहले इसे वाहन की आगे वाली विंडस्क्रीन पर स्पष्ट रूप से लगाना होगा. खास बात यह है कि यह पास सिर्फ कोंकण जाते समय ही नहीं, बल्कि वापसी की यात्रा के दौरान भी मान्य रहेगा.