2020 की बोतल पर लिख दी 2026 की तारीख! सागर में जहरीली शराब से मौतों के बीच ग्रामीणों का बड़ा दावा
सागर के बंडा में जहरीली शराब से मौतों के बीच ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुरानी बोतलों पर पेन से नई एक्सपायरी तारीख लिखकर शराब बेची जा रही थी. प्रशासन ने अब तक 11 मौतों की पुष्टि की है.
मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब का मामला सामने आने के बाद अवैध शराब के कारोबार को लेकर कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं. बंडा तहसील में ग्रामीणों ने दावा किया कि शराब माफिया पुरानी बोतलों पर नई तारीख डालकर एक्सपायर शराब बेच रहे थे. मामले में करीब 30 लोग अस्पतालों में भर्ती बताए जा रहे हैं.
2020 की बोतल पर 2026 की तारीख का दावा
ग्रामीणों का आरोप है कि बंडा इलाके में लंबे समय से पुरानी और अवैध शराब की बिक्री का खेल चल रहा था. उनके मुताबिक, शराब की पुरानी बोतलों पर पेन या मार्कर की मदद से नई तारीख लिखी जाती थी और फिर उन्हें बाजार में बेच दिया जाता था. ग्रामीणों ने दावा किया कि 2020-21 में तैयार हुई शराब की बोतलों पर 2026 की तारीख अंकित करके बिक्री की गई. हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. इस बीच प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और जहरीली शराब पीने से प्रभावित लोगों का इलाज जारी है.
युवाओं ने बनाया था नशामुक्ति संगठन
ग्रामीणों के अनुसार बंडा क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ आवाज उठाने के लिए बमूरा खेड़ा गांव के युवाओं ने नशामुक्ति संगठन बनाया था. संगठन से जुड़े लोग गांवों में शराब की बिक्री और सेवन रोकने के साथ लोगों को जागरूक करने का प्रयास करते थे. ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद अवैध कारोबार पूरी तरह नहीं रुक सका. उन्होंने स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक मिलीभगत के भी आरोप लगाए हैं. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. जहरीली शराब कांड के बाद अब इन दावों ने पूरे मामले की जांच और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Also Read
उमंग सिंघार ने भी लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी ग्रामीणों की ओर से बताई गई पुरानी शराब की तारीख बदलने की बात सामने रखी. उन्होंने आरोप लगाया कि एक्सपायर शराब को नई तारीख के साथ बेचा जा रहा था और इस पूरे नेटवर्क में शासन-प्रशासन की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए. कांग्रेस विधायक दल ने इस घटना में प्रभावित परिवारों के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है. दूसरी ओर, प्रशासन की ओर से अब तक 11 मौतों की पुष्टि की गई है, जबकि ग्रामीणों और अन्य रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 14 तक बताई जा रही है.
ललितपुर से जुड़ा नकली शराब का नेटवर्क
पुलिस और प्रशासन की जांच में नकली शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से सागर क्षेत्र तक पहुंचने की बात सामने आई है. जांच में कथित तौर पर ऐसे नेटवर्क का पता चला है, जिसमें नकली रैपर, ढक्कन और फर्जी क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया जाता था. ललितपुर में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद जांच एजेंसियों को इस नेटवर्क से जुड़े सुराग मिले. बताया गया कि शराब बांदरी, बरोदिया नौराज, बराज और घुघर समेत कई गांवों तक पहुंचाई जाती थी. फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है और अवैध शराब की सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है.