'SP हर महीने कर रहे 50 लाख की वसूली', सागर के जहरीली शराब कांड को लेकर दिग्विजय सिंह का बड़ा आरोप
सागर के बंडा जहरीली शराब कांड को लेकर दिग्विजय सिंह ने एसपी अनुराग सुजानिया पर हर महीने 50 लाख रुपये की वसूली का आरोप लगाया. उन्होंने एसपी को हटाकर EOW जांच कराने की मांग की.
मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब से 30 से ज्यादा लोगों की मौत के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रविवार को पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कथित अवैध वसूली की जांच आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ यानी EOW से कराने की मांग की.
एसपी पर हर महीने 50 लाख वसूली का आरोप
सागर पहुंचे दिग्विजय सिंह ने प्रभावित परिवारों और स्थानीय कांग्रेस नेताओं से मुलाकात के बाद पत्रकार वार्ता की. उन्होंने आरोप लगाया कि एसपी अनुराग सुजानिया हर महीने 50 लाख रुपये की वसूली कर रहे हैं. दिग्विजय ने कहा कि अगर उनके आरोप गलत हैं तो एसपी उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा कर सकते हैं. उन्होंने दावा किया कि वह अपने आरोप अदालत में साबित कर देंगे.
शराब माफिया को संरक्षण देने का लगाया आरोप
दिग्विजय सिंह ने जहरीली शराब कांड के पीछे शराब माफिया, राजनीति, प्रशासन और पुलिस के बीच कथित गठजोड़ होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इससे पहले मुरैना में जहरीली शराब से कई लोगों की जान गई थी और उस समय भी अनुराग सुजानिया वहां पुलिस अधीक्षक थे. सागर में भी उनकी तैनाती के दौरान ऐसी घटना होने का हवाला देते हुए उन्होंने जांच की मांग की.
Also Read
न्यायिक जांच पर भी उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने मामले में चल रही न्यायिक जांच को लेकर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों और एजेंसियों से जांच कराई जा रही है, उन पर उन्हें भरोसा नहीं है. उनका आरोप है कि जब किसी मामले में लीपापोती करनी होती है तो न्यायिक जांच का सहारा लिया जाता है. उन्होंने शराब कारोबारियों और राजनेताओं के कथित संबंधों की भी जांच कराने की मांग की.
चार पीड़ित परिवारों की जिम्मेदारी उठाने का ऐलान
दिग्विजय सिंह ने सरकार पर पीड़ित परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि प्रभावित परिवारों को कितना मुआवजा मिलेगा और भुगतान कब होगा. इस बीच उन्होंने मृतक भोला अहिरवार, राम स्वरूप अहिरवार, भोपाली आदिवासी और धन सिंह अहिरवार के परिवारों को गोद लेने की घोषणा की. उन्होंने प्रत्येक परिवार को हर महीने 10 हजार रुपये देने और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने की बात कही. वहीं, एसपी अनुराग सुजानिया ने आरोपों पर टिप्पणी करने से इनकार किया है.