सोनम रघुवंशी जिन पर अपने हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या का आरोप लगा, उन्हें कोर्ट ने जमानत दे दी है. इस मामले के दस्तावेजों में मेघालय पुलिस द्वारा की गई एक लिपिकीय त्रुटि ही सोनम को जमानत मिलने का आधार बनी. अपने आदेश में कोर्ट ने टिप्पणी की कि ऐसी गलती सभी दस्तावेजों में एक साथ नहीं हो सकती थी.
कोर्ट ने सोनम की रिमांड और हिरासत को भी अवैध घोषित कर दिया. हालांकि कोर्ट ने सोनम को कुछ शर्तों के अधीन जमानत दी है.सोनम रघुवंशी को जमानत देते समय कोर्ट ने अपने आदेश में चार शर्तें रखीं.
शिलांग की अतिरिक्त उपायुक्त डसालेना आर. खारबुली ने मंगलवार को सोनम रघुवंशी की चौथी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें जमानत दे दी. इससे पहले उन्होंने जमानत पाने के तीन असफल प्रयास किए थे. सूत्रों के अनुसार कोर्ट ने पाया कि पुलिस सोनम को उनकी गिरफ्तारी के विशिष्ट कारणों के बारे में ठीक से सूचित करने में विफल रही थी.
इस चूक ने उन्हें राहत पाने का एक कानूनी रास्ता प्रदान किया और इसी आधार पर सोनम को जमानत दी गई. दोनों पक्षों की सभी दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने पाया कि याचिकाकर्ता से जुड़े सभी दस्तावेजों में गिरफ्तारी के कारणों और केस डायरी के अंशों सहित पुलिस ने गलती से BNS की धारा 403(1) का जिक्र किया था.
कोर्ट ने गौर किया कि किसी भी दस्तावेज में याचिकाकर्ता को यह नहीं बताया गया था कि असल में उसे BNS की धारा 103(1) के तहत एक कहीं ज्यादा गंभीर अपराध के लिए गिरफ्तार किया जा रहा है. कोर्ट ने इस दलील को भी खारिज कर दिया कि यह महज एक क्लर्क की गलती थी. मेघालय पुलिस को फटकार लगाते हुए, कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, 'इस तरह की गलती सभी दस्तावेजों में नहीं हो सकती. इसलिए आरोपी की प्रारंभिक गिरफ्तारी संवैधानिक आदेशों का उल्लंघन है और अपने आप में ही अवैध है, जिसके से रिमांड और हिरासत भी गैर-कानूनी हो जाता है. इस वजह से वह जमानत पर रिहा होने की हकदार है.'