'दही के शोले' या नॉनवेज? महाकाल मंदिर के पास MP टूरिज्म के होटल में बनता है मांसाहारी खाना! मचा हड़कंप
उज्जैन के महाकाल मंदिर के पास स्थित एमपी टूरिज्म के होटल ‘सम्राट विक्रमादित्य’ में नॉनवेज पकाए जाने के आरोपों से हड़कंप मच गया है.
उज्जैन: महाकालेश्वर मंदिर में अक्सर भक्तों की भारी भीड़ देखी जाती है. ऐसे में जो दूर दराज से आते हैं वो यही कोशिश कर करते हैं कि एक अच्छा होटल मिल जाए जहां सिर्फ शाकाहारी खाना बनता हो. लेकिन अब जो वीडियो वायरल हो रहा है वो आपको सोचने पर मजबूर जरुर कर सकते हैं.
महाकालेश्वर मंदिर के पास स्थित मध्य प्रदेश पर्यटन निगम के होटल ‘सम्राट विक्रमादित्य’ को लेकर अचानक विवाद खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया पर वायरल एक सीसीटीवी वीडियो में दावा किया गया कि होटल के किचन में नॉनवेज पकाया जा रहा है. मंदिर क्षेत्र में पूर्ण रूप से शाकाहार की परंपरा के बीच यह आरोप सामने आते ही श्रद्धालुओं में चर्चा तेज हो गई है.
वायरल वीडियो से बढ़ी हलचल
सोशल मीडिया पर प्रसारित फुटेज में कुछ कर्मचारी कथित रूप से यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि 'मुर्गा-मछली के हाथ लगे हैं, अच्छे से हाथ धो लेना.' इसके साथ यह भी आरोप लगाया गया कि नॉनवेज पकाते समय कैमरों का एंगल बदला जाता है. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे और होटल की छवि पर असर पड़ा है.
प्रबंधन ने आरोपों को बताया झूठ
होटल के मैनेजर सतीश पाठक ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उनका कहना है कि वीडियो को भ्रामक तरीके से पेश किया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि होटल पूरी तरह शुद्ध शाकाहारी है और मंदिर क्षेत्र की मर्यादा का पालन करता है. प्रबंधन के अनुसार यह मामला होटल की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है.
‘दही के शोले’ पर सफाई
मैनेजर के मुताबिक वीडियो में जिस सामग्री को नॉनवेज बताया जा रहा है, वह होटल की लोकप्रिय वेज डिश ‘दही के शोले’ है. इस व्यंजन में पनीर, सब्जियां और दही का उपयोग किया जाता है. उनका कहना है कि पूर्व कर्मचारियों ने गलतफहमी फैलाने के उद्देश्य से वीडियो वायरल किया है.
पुलिस में FIR, जांच की मांग
मामले को गंभीर मानते हुए होटल प्रबंधन ने महाकाल थाने में FIR दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पूर्व कर्मचारी जानबूझकर छवि खराब कर रहे हैं. पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है. चूंकि मामला आस्था से जुड़ा है, इसलिए जांच के नतीजों पर सबकी नजर बनी हुई है.
और पढ़ें
- 150 लाशों पर रिसर्च कर AIIMS भोपाल के डॉक्टरों ने खोजी नई लार ग्रंथि, मेडिकल साइंस में बड़ी कामयाबी
- जहरीले पानी के बाद अब इंदौर में जहरीली गैस का तांडव, दम घुटने से 30 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती; इलाके में हड़कंप
- ब्रिटिश सरकार को इस भारतीय परिवार ने 100 साल पहले दिया था 35 हजार का लोन, अब वसूली करने की कर रहा तैयारी