menu-icon
India Daily

मुरैना में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, पेड़ से बांधकर जीजा की बेरहमी से पिटाई; वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने की कार्रवाई

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक व्यक्ति को रिश्तेदारों ने पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीट दिया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामला कथित तौर पर चाल चलन पर शक से जुड़ा बताया जा रहा है.

babli
Edited By: Babli Rautela
मुरैना में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, पेड़ से बांधकर जीजा की बेरहमी से पिटाई; वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने की कार्रवाई
Courtesy: AI

मुरैना में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति को उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीट दिया. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली.

यह मामला मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के भिड़ौसा गांव का बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार पीड़ित 13 जुलाई को अपने ससुराल गया था. इसी दौरान परिवार के कुछ लोगों के साथ उसका विवाद हो गया. आरोप है कि पीड़ित के चाल चलन को लेकर शक जताया गया और इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि उसके साथ मारपीट की गई.

चाल चलन पर शक के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार पीड़ित के दो सालों ने पहले उसे पेड़ से बांध दिया. इसके बाद उसके कपड़े उतरवाए गए और बेल्ट, डंडों तथा पट्टों से लगातार पीटा गया. घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने बीच बचाव करने की बजाय पूरी घटना को देखते रहे. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मारपीट का वीडियो भी मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया गया. जानकारी के मुताबिक घटना के समय पीड़ित की पत्नी भी मौके पर मौजूद थी. मारपीट के बाद किसी तरह वहां से निकलने के बाद पीड़ित सीधे सिहोनिया पुलिस थाने पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी.

मारपीट का वीडियो मोबाइल में किया रिकॉर्ड

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की भी जांच की. अधिकारियों को मोबाइल से मारपीट का वीडियो मिला, जिसे जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है. वीडियो मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए मंगलवार रात दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. दोनों से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जानकारी के अनुसार पीड़ित पर अपनी छोटी साली के साथ कथित गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया गया था. इसी आरोप को लेकर विवाद बढ़ा और उसके बाद यह पूरी घटना हुई. हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.