FIFA World Cup 2026

पता पूछने के बहाने आए दो बदमाशों ने शख्स पर चाकू से किया जानलेवा हमला, दिल दहला देने वारदात से हिल गया ये शहर

मध्य प्रदेश के धार जिले के नौगांव क्षेत्र में दिनदहाड़े एक व्यक्ति पर हुए हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. घर के बाहर दो बदमाशों ने चाकू से हमला कर शख्स को गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना CCTV में रिकॉर्ड हो गई. घायल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. वहीं पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है. साथ ही मामला भी दर्ज कर लिया है.

web
Kuldeep Sharma

धार जिले के नौगांव इलाके में रहने वाले वीरेंद्र भाटी पर उस समय जानलेवा हमला हुआ जब तीन युवक उसके घर पहुंचे और पते की जानकारी पूछने का बहाना बनाया. जैसे ही वीरेंद्र ने बात करना शुरू किया, उनमें से एक ने अचानक चाकू निकालकर वार कर दिया. वीरेंद्र ने खुद को बचाने की कोशिश की, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोटें आईं. घटना की तस्वीरें पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं.

पुलिस को दिए बयान में वीरेंद्र भाटी ने बताया कि तीन लोग उनके घर आए थे. एक युवक गेट पर खड़ा हो गया और दूसरा पता पूछने के बहाने अंदर आया. इसी दौरान उसने जेब से चाकू निकाल लिया और उन पर हमला बोल दिया. वीरेंद्र ने हमले का मुकाबला करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनके हाथ में गहरी चोटें आईं. हालांकि जमीन पर गिर जाने की वजह से चाकू उनके पेट तक नहीं पहुंच पाया. जिससे उनकी जान बच गई.

सीसीटीवी फुटेज में कैद पूरी वारदात

पूरी वारदात घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. फुटेज में साफ दिखा कि आरोपी ने चाकू निकालकर कई बार वार किया और फिर अपने साथी के साथ मौके से भाग गया. उसी समय आसपास मौजूद कुछ लोग दौड़कर वीरेंद्र को बचाने पहुंचे. फुटेज में यह भी दिखाई देता है कि कैसे स्थानीय लोगों ने घायल को उठाकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया.


अस्पताल में इलाज जारी

स्थानीय लोगों ने घायल वीरेंद्र को फौरन धार जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए भर्ती कर लिया. घटना की जानकारी मिलते ही नौगांव पुलिस अस्पताल पहुंची और वीरेंद्र का बयान दर्ज किया. इसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने कहा है कि वे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हैं.

इलाके में दहशत का माहौल

इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल है. लोगों का कहना हैं कि जब दिन दहाड़े घर के बाहर ही कोई सुरक्षित नहीं है. तब यह कानून-व्यवस्था किस काम की. पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों के हुलिए और पहचान की जांच की जा रही है.