menu-icon
India Daily

'जहां मिलेंगे बाबू सोना तोड़ देंगे कोना कोना', लट्ठों में चमेली और सरसों का तेल लगाकर वैलेंटाइन डे पर शिवसेना ने खोला मोर्चा

वैलेंटाइन डे के विरोध को लेकर माहौल गरमाया हुआ है. शिवसेना ने इसके विरोध में जोरदार तैयारी की है. कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में 'लट्ठ पूजन' कर अपनी मंशा जाहिर की. सिविल लाइन स्थित पहलवान बाबा मंदिर में शिवसैनिक इकट्ठा हुए.

antima
Edited By: Antima Pal
'जहां मिलेंगे बाबू सोना तोड़ देंगे कोना कोना', लट्ठों में चमेली और सरसों का तेल लगाकर वैलेंटाइन डे पर शिवसेना ने खोला मोर्चा
Courtesy: x

मध्यप्रदेश: मध्य प्रदेश के सागर शहर में वैलेंटाइन डे के विरोध को लेकर माहौल गरमाया हुआ है. शिवसेना ने इसके विरोध में जोरदार तैयारी की है. कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में 'लट्ठ पूजन' कर अपनी मंशा जाहिर की. सिविल लाइन स्थित पहलवान बाबा मंदिर में शिवसैनिक इकट्ठा हुए. यहां पंडितों और पुरोहितों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रों के बीच लाठियों पर चमेली और सरसों का तेल चढ़ाकर पूजा की गई. यह रस्म इसलिए की गई ताकि 'अश्लीलता' फैलाने वालों को सबक सिखाने के लिए लाठियां 'तेज' की जा सकें. 

लट्ठों में तेल लगाकर वैलेंटाइन डे पर शिवसेना ने खोला मोर्चा

पूजन के बाद शिवसैनिकों ने शहर के पार्कों, होटलों, रेस्टोरेंटों और धार्मिक स्थलों के आसपास पोस्टर लगाए. इन पोस्टरों पर साफ लिखा था कि वैलेंटाइन डे मनाना भारतीय संस्कृति के खिलाफ है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नारेबाजी के दौरान एक चर्चित नारा गूंजा- "जहां मिलेंगे बाबू सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना". यह नारा प्रेमी जोड़ों को सीधे चेतावनी दे रहा था कि सार्वजनिक जगहों पर कोई भी गलत हरकत नहीं चलेगी.

'वैलेंटाइन डे हमारी परंपरा का हिस्सा नहीं'

शिवसेना के उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने कहा कि वैलेंटाइन डे हमारी परंपरा का हिस्सा नहीं है. कुछ युवा पाश्चात्य संस्कृति की नकल करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय व्यवहार करते हैं, जिसे हम सहन नहीं करेंगे. उन्होंने धमकी दी कि यदि 14 फरवरी को कोई कपल सार्वजनिक जगह पर अश्लील हरकत करता पाया गया तो मौके पर ही उनकी शादी करवा दी जाएगी.

शिवसेना जिला प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि संगठन हर साल वैलेंटाइन डे का विरोध करता आया है और इस बार भी यह जारी रहेगा. उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट मालिकों को चेतावनी दी कि यदि वे 14 फरवरी को कोई फूहड़ या अश्लील कार्यक्रम आयोजित करते हैं तो शिवसैनिक सख्त विरोध करेंगे. 

विरोध के दौरान यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो जिम्मेदारी आयोजकों की होगी. शिवसेना का यह विरोध भारतीय संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के नाम पर किया जा रहा है. वे मानते हैं कि प्रेम की आड़ में अश्लीलता फैलाना गलत है. शहर में इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण है. पुलिस प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर सतर्कता बरती जा रही है.