हिंदू बनकर जाल में फंसाया, दरगाह में खुली असल पहचान, इंदौर में ‘लव जिहाद’ के नाम पर शख्स ने युवती के साथ किया दुष्कर्म
इंदौर में एक युवती से धोखे, धर्म परिवर्तन के दबाव और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है और कई अहम सबूत जुटाए हैं.
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से सामने आया एक मामला समाज को झकझोर देने वाला है. यहां एक 22 वर्षीय हिंदू युवती ने एक युवक पर पहचान छिपाकर दोस्ती करने, फिर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है.
पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है. मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश और चर्चा का माहौल है.
हिंदू पहचान बताकर की दोस्ती
लसूड़िया थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता पेट्रोल पंप पर काम करती है और मां व भाई के साथ रहती है. करीब एक साल पहले उसकी पहचान अश्विन नाम के युवक से हुई थी, जिसने खुद को हिंदू बताया. फोन पर बातचीत होती रही, लेकिन दोनों कभी साथ बाहर नहीं गए. युवती का कहना है कि उसने आरोपी पर भरोसा किया, क्योंकि उसने अपनी असली पहचान छिपाकर रखी थी.
Also Read
- मंदसौर में BJP नेता की हत्या का मास्टरमाइंड निकला पिता, 5 लाख की सुपारी देकर दिया अपराध को अंजाम
- बेड पर लिव-इन पार्टनर किसी और के साथ बना रही संबंध, बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड के प्राइवेट पार्ट में लगा दी आग, हुई दर्दनाक मौत
- फेमस होने के लिए पत्नी के साथ प्राइवेट वीडियो किया वायरल, एडल्ट स्टार बनने की थी सनक
दरगाह में हुआ सच्चाई का खुलासा
7 दिसंबर 2025 को आरोपी युवती को स्टार चौराहे पर मिलने बुलाकर मामा-भांजे की दरगाह ले गया. वहीं उसने स्वीकार किया कि उसका असली नाम अनस है और वह मुस्लिम है. आरोपी ने युवती पर निकाह करने का दबाव बनाया. अचानक सामने आई सच्चाई से युवती स्तब्ध रह गई और उसने शादी से इनकार कर घर लौटने का फैसला किया.
धर्म परिवर्तन का दबाव और दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता के अनुसार, 12 दिसंबर की रात आरोपी ने दोबारा मिलने बुलाया और स्कीम नंबर-78 स्थित एक कमरे में ले गया. वहां उसने इस्लाम अपनाने का दबाव बनाया. विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर जबरन दुष्कर्म किया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. युवती किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची.
परिवार को बताई आपबीती, थाने पहुंची पीड़िता
घटना के बाद युवती ने पूरी आपबीती अपनी मां को बताई. इसके बाद मां के साथ वह हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं के साथ लसूड़िया थाने पहुंची. पुलिस ने आरोपी अनस उर्फ अश्विन के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया.
जांच में मिले अहम सबूत
पुलिस जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से अन्य युवतियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और एक चाकू की फोटो भी मिली है. हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि आरोपी लंबे समय से युवती पर दबाव बना रहा था. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.