खड़गे के ‘बाप’ वाले बयान पर बवाल! BJP का देशव्यापी प्रदर्शन, कांग्रेस ने किया बचाव
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बाप वाले बयान पर देश की राजनीति गरमा गई है. भारतीय जनता पार्टी ने इस बयान के विरोध में सोमवार को देशभर में प्रदर्शन करने की तैयारी की है.
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बाप वाले बयान पर देश की राजनीति गरमा गई है. भारतीय जनता पार्टी ने इस बयान के विरोध में सोमवार को देशभर में प्रदर्शन करने की तैयारी की है. बीजेपी के नेताओं ने खड़गे के बयान को अपमानजनक बताते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की है. वहीं, कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का बचाव किया है. इस विवाद में समाजवादी पार्टी भी कांग्रेस के समर्थन में उतर आई है.
BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना:
बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने खड़गे के बयान की आलोचना की है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी खड़गे पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता पहले भी इस तरह की टिप्पणियां कर चुके हैं. शाह ने राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि चुनावों में लगातार हार के कारण पार्टी के नेता अपनी भाषा पर नियंत्रण नहीं रख पा रहे हैं.
वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी खड़गे के बयान पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस बात पर विचार करना चाहिए कि उसके नेता किस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं. चौहान ने मांग की कि कांग्रेस इस मामले में जवाब दे और खड़गे के पद को लेकर भी फैसला करे. बीजेपी के कई अन्य नेताओं ने भी बयान की आलोचना करते हुए माफी की मांग की है. पार्टी सोमवार को देशभर में कांग्रेस कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी में है.
Also Read
कांग्रेस ने किया खड़गे का बचाव:
दूसरी ओर, कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसके नेताओं के खिलाफ भी लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती हैं. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने खड़गे का समर्थन करते हुए कहा कि बीजेपी नेता राहुल गांधी और गांधी परिवार के अन्य सदस्यों पर भी टिप्पणियां करते रहे हैं. उनके मुताबिक, कांग्रेस नेताओं को भी इसका जवाब देने का अधिकार है. कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी को केवल खड़गे के बयान पर सवाल उठाने के बजाय अपने नेताओं की भाषा पर भी ध्यान देना चाहिए.
समाजवादी पार्टी भी आई समर्थन में:
कांग्रेस की सहयोगी समाजवादी पार्टी ने भी खड़गे का बचाव किया है. पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि खड़गे का इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने या किसी के परिवार पर टिप्पणी करने का नहीं था. उन्होंने यह भी कहा कि खड़गे को हिंदी बोलने और समझने में परेशानी होती है, इसलिए संभव है कि उनके मुंह से ऐसे शब्द निकल गए हों, जिन्हें वे कहना नहीं चाहते थे.